• प्रदेश अध्यक्ष बोलीं- पदाधिकारियों को इस तरह नहीं लड़ना चाहिए, खत्म कराएंगे लड़ाई

हरियाणा BJP पदाधिकारियों में में एक बार फिर घमासान मच गया है। पद व प्रतिष्ठा की लड़ाई बताकर दोनों तरफ से सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट की जा रही हैं। नारनौल के जिला प्रधान पर जिला महामंत्री(किसान मोर्चा) ने धमकी दिलवाने का आरोप लगाया है। नारनौल के जिला महामंत्री(किसान मोर्चा) विष्णु तंवर ने जिला प्रधान पर धमकी दिलवाने की फेसबुक पोस्ट की है। उस पोस्ट पर पहला कमेंट जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव ने किया है।

राव ने गलत आरोप बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है। जिसके बाद दोनों के समर्थकों की इस पोस्ट पर जमकर कहासुनी हुई है। इसी पोस्ट के तुरंत बाद विष्णु तंवर ने अपना इस्तीफा दे दिया। हालांकि इस्तीफे में तंवर ने यूजीसी को स्वर्ण समुदाय के खिलाफ बताते हुए BJP छोड़ने की बात कही है।

BJP जिलाध्यक्ष ने किया पहला कमेंट : भाई ग़लत बात मत करो। बहुत दिनों से आपकी ग़लत पोस्ट और बकवास सहन कर रहा हूँ पार्टी और प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ कभी विधायक और कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़। अब और नहीं। ग़लत लिखोगे अब तो तुरंत उचित क़ानूनी कार्यवाही की जाएगी। आपको अगर मैंने भाजपा जिला महामंत्री नहीं बनाया आपके कहने से तो इसका मतलब ये नहीं कुछ भी लिखोगे। आप अपनी परिचित प्रेमलता (ग़नियार) से भी मंडल अध्यक्षों के ख़िलाफ़ लिखवा रहे हो जो चुनाव में भी कांग्रेस की एजेंट थी। सभी मंडल अध्यक्ष भी इस बात से खिन्न हैं। कुछ भी पार्टी के या नेताओं या कार्यकर्ताओं के बारे में आपने ग़लत शब्द लिखा तो कार्यवाही होगी। अगर मैंने ऐसी किसी से भी बात की है तो तुरंत मेरे खिलाफ कानूनी कार्यवाही करो। पद ना मिलने की भड़ास तू मत निकालो। संगठन के निर्णय को स्वीकार करना सीखो।

जिला महामंत्री(किसान मोर्चा) विष्णु तंवर का जवाब : आप जो कार्रवाई करना चाहते कर सकते हो, मगर सच को सच कहा है और सच सुनने की क्षमता होनी चाहिए। क्या आप लोगों ने मतलब दूसरी पार्टी को समर्थन नहीं किया नीचे नीचे सबको पता है, किसने कहा क्या किया है। आप लोगों ने जो पिछले चुनाव में दूसरी पार्टी को वोट दिया और सपोर्ट की थी सरेआम उनको पदाधिकारी आप लोगों ने ही बनाया होगा। आप लोगों ने थे जो पिछले चुनाव में दूसरी पार्टी को वोट दिया और सपोर्ट की थी सरेआम उनको पदाधिकारी आप लोगों ने ही बनाया होगा।

गलत इल्जाम लगा रहो हो विष्णु : जिला प्रधान ने अपने रिप्लाई में कहा कि दोबारा कह रहा हूं। ग़लत इल्ज़ाम लगा रहे हो। अगर मैंने किसी से कोई भी बात की है तो तुरंत साक्ष्य दो नहीं तो आपके ख़िलाफ़ और आपकी खासमखास निकट परिचित जिसके लिए आप महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मांग रहे थे और अपने लिए ज़िला महामंत्री, उनके ख़िलाफ़ भी ज़िले के सभी मंडल अध्यक्षों को चोर डकैत जैसे शब्द से दुष्प्रचार करने के लिए क़ानूनी कार्यवाही की जाएगी।

यूजीसी काले कानून के विरोध में ही तो बोला है : विष्णु तंवर ने अपने रिप्लाई में कहा कि और क्या बोल दिया मैंने यूजीसी काले कानून के विरोध में ही तो बोला है और वह तो हमारा हक है अगर हमारे बच्चों के ऊपर कोई गलत कानून लागू होगा तो हम बोलेंगे हम चुप नहीं रहेंगे चाहे इसमें हमारा कुछ भी करवा दो आपने भी देखा था सबसे ज्यादा मेहनत कर रखी थी, इस पार्टी के लिए आप थे भी नहीं याद है। वह दिन रात को आप मिले थे हम सच बोलते हैं और प्रधानमंत्री हम सबका ही बनाया हुआ है तो हमारा हक बनता है अगर गलत कानून लगाएंगे तो हम बोलेंगे

पार्टी के बारे में गलत लिख रहे हो, सहनीय नहीं : ना तो मैं यहां समाज की बात कर रहा ना कुछ और। बात कर रहा हूं मेरे पे बोलने की कि मैंने किसी को धमकाया है। प्रूव करो।आपकी ख़ास प्रेमलता जी पार्टी में नहीं है और जो कांग्रेस की एजेंट सपोर्टर थी विधानसभा चुनाव में और जिसने ज़िला महेंद्रगढ़ के सभी 14 कर्मठ और समर्पित मंडल अध्यक्षों के बारे में ग़लत शब्दों का प्रयोग किया उसके बारे में है। आप ज़िला महामंत्री और आपके कहने से पार्टी से बाहर की महिला को महिला मोर्चा अध्यक्ष नहीं बनाया, तो इसका मतलब ये नहीं कि महीनों से आप को भी गलत लिख रहे हो कार्यकर्ताओं के बारे में वो सहनीय होगा। मैं आपको चैलेंज करता हूँ कि मैंने आज तक किसी को गलत कहा, तो साक्ष्य देकर अभी मेरे ऊपर क़ानूनी कार्यवाही करो और अगर मेरे ज़िले के समर्पित पुराने ईमानदार किसी भी कार्यकर्ता को आपने या आपकी खास परिचित ने गलत बोला, तो मैं सच के साथ खड़ा हूं। बहस नहीं कर सकता।

बाबरी ढांचा गिराने वालों में शामिल थे विष्णु तंवर के पिता

BJP जिला प्रधान की जिस विष्णु तंवर के साथ फेसबुक पर कमेंट वार चल रहा है, वो राजपूत बाहुल्य गांव पाली के रहने वाले हैं। महेंद्रगढ़ विधानसभा के इस गांव के आस-पास राजपूत समाज के करीब 10 गांव हैं। विष्णु तंवर ने जिला परिषद का भी चुनाव लड़ा था, जिसमें वे दूसरे नंबर पर रहे थे।

फिलहाल विष्णु तंवर जिला महामंत्री(किसान मोर्चा) हैं। इससे पहले वे बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख जैसे पदों पर BJP में रहे हैं। उनके पिता बहादुर सिंह बाबरी ढांचा गिराने के दौरान 3 माह तक अयोध्या में रहे थे, वे महेंद्रगढ़ के पूर्व MLA और शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के सहयोगी रहे हैं।

विवाद पता करवा रही हूं- गुप्ता

हरियाणा BJP प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि उन्हें फिलहाल विवाद का पता नहीं है, वे जिला प्रधान से बात करके इसका पता करेंगी। पार्टी पदाधिकारियों को इस प्रकार से लड़ाई नहीं करनी चाहिए। पूरा विवाद खत्म करवाया जाएगा।