• बोले- अब रोहतक-किलोई या सिरसा से नहीं चलती सरकार, जन-जन की सरकार है

कुरुक्षेत्र पहुंचे कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने विपक्ष पर हमला बोला। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पहले सरकार रोहतक, किलोई और सिरसा से चला करती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब सरकार किसी एक इलाके या किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि जनता की सरकार है और लोगों के सहयोग से चल रही है।

बेदी ने कहा कि सरकार हमेशा जनता के साथ खड़ी है। मौजूदा सरकार को किसी एक नेता के नाम से नहीं, बल्कि जन-जन की सरकार के तौर पर देखा जाता है। वाल्मीकि मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बेदी का समाज के लोगों ने जोरदार अभिनंदन किया। साथ ही उनको यहां लड्डुओं से तोला गया।

अब शहर की सफाई पर फोकस करें

37 दिन तक चली सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर भी कृष्ण बेदी ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच बातचीत हुई और कई मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। अब सरकार का अगला फोकस कुरुक्षेत्र की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाना है।

बेदी बोले- बीती ताही बिसार दे, आगे की सुधि ले

उन्होंने कहा कि अब हड़ताल खत्म हो चुकी है और कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं। ऐसे में पुरानी बातों को लेकर विवाद बढ़ाने के बजाय शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने पर ध्यान देना चाहिए। सफाई कर्मी केवल सरकारी कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि सरकार के हिस्सेदार हैं। उनके बिना शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर तरीके से चलाना संभव नहीं है।

बिल्डिंग का किया शिलान्यास

कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने श्रीमद् भगवद गीता स्कूल के प्राइमरी विंग की बिल्डिंग का शिलान्यास भी किया। साथ ही बिल्डिंग के निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। कहा कि पंजाब के लोग हरियाणा मॉडल और पैटर्न को लागू करने की पंजाब सरकार से मांग कर रहे हैं।