• CRPF अफसर का सामान दिलवाने का झांसा

हरियाणा के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का पैरोडी और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर साइबर ठगों ने लोगों को चूना लगाने का नया तरीका निकाला है। ठग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बृजेंद्र सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क साध रहे हैं और मोबाइल नंबर मांगकर रुपयों की डिमांड कर रहे हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पूर्व सांसद के समर्थकों और स्थानीय लोगों के पास सोशल मीडिया पर ऐसे संदिग्ध मैसेज आने शुरू हुए। जैसे ही यह मामला बृजेंद्र सिंह की मीडिया टीम और समर्थकों के संज्ञान में आया, तुरंत एक्शन लेते हुए सोशल मीडिया ग्रुप्स में चेतावनी संदेश (Alert) जारी किया गया।

सामान बेचने का झांसा

ठगी का यह पूरा खेल मैसेजिंग के जरिए रचा जा रहा है। फेक आईडी से पहले लोगों के पास मैसेज भेजा जाता है और उनका मोबाइल नंबर मांगा जाता है। नंबर मिलने के बाद झांसा दिया जाता है कि “मेरा एक दोस्त सीआरपीएफ (CRPF) में अधिकारी है और उसका ट्रांसफर हो गया है। अगर आपको उनका पुराना या सस्ता सामान/गाड़ी खरीदनी है, तो कृपया इस नंबर पर संपर्क करें।” इसके बाद ठग पीड़ितों को एक फर्जी नंबर थमा देते हैं और एडवांस पेमेंट के नाम पर पैसों की मांग करते हैं।

पूर्व सांसद की टीम का सोशल मीडिया पर अलर्ट

झांसे में न आएं: बृजेंद्र सिंह के नाम से आए किसी भी संदिग्ध मैसेज या पैसों की डिमांड पर भरोसा न करें।

पैसों का लेन-देन न करें: किसी भी अनजान व्यक्ति या सीआरपीएफ अफसर के नाम पर दिए गए नंबर पर रुपए ट्रांसफर न करें।

शिकायत की तैयारी: फिलहाल, पूर्व सांसद की टीम इस पूरे फर्जीवाड़े की शिकायत पुलिस और साइबर सेल में दर्ज कराने की तैयारी कर रही है ताकि फर्जी अकाउंट को तुरंत बंद करवाकर आरोपियों को पकड़ा जा सके।