- पूर्व कृषि मंत्री का कांग्रेस सांसद पर पलटवार
भिवानी में हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने ब्रिक्स सम्मेलन को भारत के बढ़ते प्रभुत्व की निशानी बताया। साथ ही कांग्रेस के हर आरोप पर पलटवार कर कांग्रेस को उसके क्षेत्रवाद की याद दिलाई। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी में अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुनी। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर पीएम मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष किया।
जेपी दलाल ने कहा कि BRICS सम्मेलन की अगुवाई करना भारत के बढ़ते प्रभुत्व की निशानी है। उन्होंने कहा कि BRICS में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था व जनसंख्या है, जो दुनिया में 25 फिसदी व्यापार करता है। जेपी दलाल ने कहा कि दुनिया में जंग से अफरातफरी मची है, इसी बीच भारत स्थिर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं हरियाणा में भाजपा द्वारा विकास की बजाय विनाश करने, महंगाई, भ्रष्टाचार व अपराध बढ़ने के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा राज में पूरे प्रदेश का समान विकास होता है और मेरिट पर नौकरी मिलती है। मगर कांग्रेस को हरियाणा का समान विकास व मेरिट पर नौकरी बरदाश्त नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना समय भूल गई जब एक ही क्षेत्र में काम होते थे।
सांसद जयप्रकाश को दिया जवाब
कांग्रेस सांसद जयप्रकाश द्वारा भाजपा पर कर्ज लेकर घी पीने के आरोप पर भी जेपी दलाल ने जवाब दिया और कहा कि कर्ज लेकर विकास करना कोई बुराई नहीं। अंबानी, अडानी से लेकर टाटा व बिड़ला जैसे हर बड़े उद्योगपति पर सबसे ज्यादा कर्ज है और वो ही सबसे अमीर है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने पर जताई खुशी और कहा कि लोकतंत्र में सभी को आवाज उठाने का हक। अब हड़ताल खत्म हुई तो सफाई का काम तेजी से होगा।
