• कैथल पहुंचे पूर्व सांसद चौधरी कुलदीप बिश्नोई

कैथल में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद चौधरी कुलदीप बिश्नोई ने कलायत के महाराणा प्रताप कम्युनिटी सेंटर में स्नेह मिलन समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि आज कलायत में अपने लोगों से मिला प्यार और अपनापन उनके लिए किसी भी पद और सत्ता से कहीं बड़ा है।

कुलदीप बिश्नोई रविवार को कलायत में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि संघर्ष की धूप में जो उम्र गुजार देते हैं, वही लोगों के दिलों में अपना घर बना लेते हैं। मेहनत और कुर्बानियां कभी बेकार नहीं जातीं। वक्त बदलता है, परिस्थितियां बदलती हैं और राजनीतिक रास्ते भी बदल सकते हैं, लेकिन वर्षों में कमाए हुए रिश्ते कभी खत्म नहीं होते।

कार्यकर्ताओं के बीच का अपनापन और विश्वास आज भी कायम

उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद भावुक रहा, क्योंकि स्नेह मिलन समारोह में उन्हें अपने संघर्ष के दौर के अनेक पुराने और परिचित चेहरे दिखाई दिए, जो हरियाणा जनहित कांग्रेस के संघर्ष के समय कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़े रहे थे।

समय के साथ बहुत कुछ बदला : कुलदीप

उन्होंने कहा कि समय के साथ बहुत कुछ बदला, लेकिन उनके और कार्यकर्ताओं के बीच का अपनापन और विश्वास आज भी उसी तरह कायम है। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आज आप किसी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि अपने कुलदीप को अपना स्नेह और आशीर्वाद देने आए थे। आप चाहे किसी भी पार्टी या संगठन में हों, हमारे बीच का रिश्ता राजनीति से कहीं ऊपर है। यही मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।

कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया

उन्होंने कहा कि आज मिल रहे इस अपार स्नेह के पीछे युगपुरुष स्व. चौधरी भजनलाल की दशकों की जनसेवा, उनके द्वारा कमाया गया नाम और विश्वास तथा वर्षों से स्वयं द्वारा किए गए संघर्ष और जनता के लिए लड़ी गई लड़ाइयां शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि केवल एक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित स्नेह मिलन समारोह में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का उमड़ना सामान्य घटना नहीं है। उन्होंने समारोह के शानदार आयोजन के लिए अपने पुराने साथी विनोद निर्मल को विशेष रूप से बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कलायत और विनोद निर्मल सहित क्षेत्र के सभी लोगों ने जो प्यार, विश्वास और अपनापन दिया है, उसे वे जीवनभर नहीं भूलेंगे।