- मातनहेल, साल्हावास और झज्जर ब्लॉक के कार्यकर्ताओं से लेंगे जमीनी फीडबैक
- संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर होगी चर्चा
झज्जर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बैठक में मातनहेल, साल्हावास और झज्जर ब्लॉक के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक झज्जर के प्रीति गार्डन में आयोजित होगी।
बैठक में दीपेंद्र हुड्डा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का फीडबैक लेंगे। कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों, संगठन की स्थिति और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को लेकर जानकारी ली जाएगी।
इसके साथ ही पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा होगी। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर मंथन किया जाएगा।
बैठक में झज्जर विधायक गीता भुक्कल भी मौजूद रहेंगी। तीनों ब्लॉक के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक को संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा कार्यकर्ताओं की बात सुनने के साथ-साथ आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
बैठक में स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और जनता से जुड़े मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का फोकस कार्यकर्ताओं को एकजुट रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर रहेगा।
प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर बैठकें ले रहे दीपेंद्र हुड्डा
2024 विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पहुंचकर ब्लॉक स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों के जरिए वे कार्यकर्ताओं से सीधे जमीनी फीडबैक ले रहे हैं।
