- मंत्री आरती राव के बयान पर पूर्व मंत्री का जवाब
रेवाड़ी जिले के माजरा स्थित एम्स के निर्माण का श्रेय लेने को लेकर दक्षिणी हरियाणा की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव द्वारा अपने पिता एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को एम्स का श्रेय दिए जाने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने इस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि एम्स का पूरा श्रेय केवल राव इंद्रजीत सिंह को देना सही नहीं है। परियोजना को धरातल तक पहुंचाने में कई लोगों की भूमिका रही है।
आरती राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान एम्स के श्रेय से जुड़े सवाल पर कहा था कि हरियाणा में एम्स का श्रेय राव इंद्रजीत सिंह को जाता है। उन्होंने कहा था कि राव इंद्रजीत लंबे समय से एम्स की मांग को लेकर प्रयास करते रहे और प्रधानमंत्री मोदी ने इसे मंजूरी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बयानों का भी उल्लेख किया था।
वहीं, डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि एम्स की घोषणा की पहली कड़ी वर्ष 2015 में बावल में हुई रैली से जुड़ी है। उस समय मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में बड़ी स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने एम्स की मांग रखी थी और बावल रैली में इसकी घोषणा करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अड़चनें दूर करने में निभाई भूमिका
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि एम्स की घोषणा के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने किसानों और जमीन से जुड़े मामलों को सुलझाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। शुरुआती दौर में जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर काम हुआ, लेकिन बाद में पर्यावरण और भूमि संबंधी अड़चनों के कारण जमीन खरीदने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि जमीन देने वाले किसानों की मांगों को पूरा करने की दिशा में भी सरकार ने काम किया।
संघर्ष समिति और किसानों को भी श्रेय
पूर्व मंत्री ने कहा कि एम्स के लिए लंबे समय तक संघर्ष करने वाले किसानों और एम्स संघर्ष समिति के योगदान को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। समिति ने आंदोलन के माध्यम से सरकार पर लगातार दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह की भूमिका से इनकार नहीं है, लेकिन एम्स जैसी बड़ी परियोजना को मंजूरी मिलने से लेकर जमीन और अन्य अड़चनें दूर होने तक अलग-अलग स्तर पर कई लोगों ने प्रयास किए। अंतिम मंजूरी और परियोजना को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
यह दिया मंत्री आरती राव ने बयान
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने एम्स के श्रेय से जुड़े सवाल पर कहा था कि हरियाणा में एम्स का श्रेय केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को जाता है। उन्होंने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह लंबे समय से एम्स की मांग को लेकर प्रयासरत थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने एम्स को मंजूरी दी और आज माजरा में एम्स का निर्माण हो रहा है।
डॉक्टर से राजनीति तक, दो बार विधायक और मंत्री रहे बनवारी लाल
डॉ. बनवारी लाल पेशे से चिकित्सक हैं और एमबीबीएस की शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने राजनीति में आने के बाद बावल विधानसभा सीट से वर्ष 2014 और 2019 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता। वर्ष 2014 में विधायक बनने के बाद वे मनोहर लाल सरकार में राज्य मंत्री रहे। 2019 में दोबारा चुनाव जीतने के बाद उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। 2014 में बावल से भाजपा की टिकट मिलने में राव इंद्रजीत सिंह की भूमिका की चर्चा रही है। उस समय की राजनीतिक रिपोर्टों में भी बनवारी लाल को राव इंद्रजीत के करीबी नेताओं में गिना गया।
