- करनाल में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन
करनाल के असंध में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन किया गया। जिसमें हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह, विधायक अकरम खान समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे।
सम्मेलन का आयोजन कांग्रेस के संगठन को ब्लॉक से बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद के तहत किया गया। कांग्रेस ने 18 से 21 सितंबर तक प्रदेश के आठ ब्लॉकों में ऐसे सम्मेलन तय किए हैं। सम्मेलन में पहुंचीं कांग्रेस महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
बोलीं- प्रदेश में बड़ी संख्या में आ रहे अवैध हथियार
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में अवैध हथियार आ रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। रोजाना हत्या और फिरौती की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब सिंगर्स को भी टारगेट किया जा रहा है। हरियाणा में कई गैंग पनप रही है, लेकिन सरकार कोई काम नहीं कर रही।
अमेरिकी कंपनियों को जा रहा पैसा
सैलजा ने केंद्र की भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। पहले नोटबंदी की गई और अब यूपीआई पर टैक्स लगाने की तैयारी की जा रही है। आरोप लगाया कि इससे आम आदमी की जेब पर बोझ पड़ेगा और जनता का पैसा अमेरिकी कंपनियों को जाने का रास्ता बनेगा।
यूपीआई शुल्क को लेकर कांग्रेस ने हाल में देशभर में विरोध का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से यूपीआई मर्चेंट भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर को वापस लेने की मांग की जा रही है।
संगठन मजबूत करने पर जोर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी के प्रभारी संजय दत्त पहले से ही प्रदेश में ब्लॉक स्तर के सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं। इन सम्मेलनों के जरिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने की रणनीति तैयार होगी।
