हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी रविवार को लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचीं। उन्होंने विनय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।
इस मौके पर उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि विनय के माता-पिता को सैल्यूट है, जिन्होंने वीर सुपुत्र को जन्म दिया। विनय की धर्मपत्नी हिमांशी को भी सलाम है, जो घटना के वक्त विनय के साथ थी और इतनी देर वहां बैठी रही।
उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए भावुक पल हैं। हर घर में विनय नरवाल जैसी साहसी संतान पैदा हो। उन्होंने कहा कि इस दुख: की घड़ी में पूरा हरियाणा विनय नरवाल के परिवार के साथ खड़ा है। उनकी प्रार्थना है कि प्रभु विनय नरवाल को अपने चरणों में स्थान दें।
इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण, करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, डीसी उत्तम सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, गजेंद्र फोगाट, एसडीएम अनुभव मेहता, नौसेना मुख्यालय की ओर से कैप्टन अमित पुरी, कैप्टन शोभित अग्रवाल, लेफ्टिनेंट प्रिया, नौसेना अधिकारी, विनय के पिता राजेश नरवाल, माता आशा देवी, दादा हवा सिंह, विनय की पत्नी हिमांशी, विनय की बहन सृष्टि, हिमांशी के पिता सुनील स्वामी, पूनम, महेश यादव व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।