• हरियाणा के किसानों पर भाजपाई डबल इंजन का चौतरफा अत्याचार कर रही

कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लूट करार दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों पर भाजपाई डबल इंजन का चौतरफा अत्याचार कर रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भी लूट, धोखा और मुनाफाखोरी का हथियार है।

पंडित नेहरू ने कहा था कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत और खलिहानों से होकर गुजरता है, मगर हरियाणा प्रदेश और देश में बर्बादी के बुलडोजर का रास्ता तो जैसे, किसानों के खेत-खलिहानों और अरमानों को रौंद कर ही गुजरता है।

सुरजेवाला ने लिखा​- किसानों पर भाजपाई डबल इंजन का चौतरफा अत्याचार

इस संबंध में सुरजेवाला ने ट्विटर पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि पीएम के नाम पर चलने वाली इस स्कीम से बीमा कंपनियों ने तो 7 साल में हरियाणा के किसानों से 7651 करोड़ रुपए से ज्यादा प्रीमियम कमा लिए। 648.08 करोड़ रुपए का मुनाफा वसूल लिया, मगर 3 साल से किसानों के 161 करोड़ रुपए का मुआवजा हड़प कर बैठी है।

जबकि इस योजना में 15 से 30 दिन के भीतर किसान को क्लेम राशि देने का नियम है।

बीमा क्लेम में हो रही धोखाधड़ी

सुरजेवाला ने कहा कि प्रीमियम वसूलने के बाद भी लगातार बीमा क्लेम में हो रही धोखाधड़ी और किसानों की शिकायतों को भी अनसुना किया जा रहा है। अब हरियाणा में PMFBY 57 प्रतिशत घट गया, यानी ये स्कीम ही आधे से भी अधिक निपट चुकी है। 2016 में शुरू हुई इस योजना में किसानों ने 2019 में 28 प्रतिशत फसलों का बीमा कराया था, जो अब घटकर आधे से भी कम 2025 में मात्र 12 प्रतिशत फसलों की बीमा तक सिमट गया है।

किसानों को समय पर खाद मुहैया कराने की जिम्मेदारी या फिर खराब हुई फसलों का सही मुआवजा दिया जाए

सुरजेवाला ने कहा कि बढ़ती लागत और मेहनत के बाद उपजाई फसलों की एमएसपी देने की बात हो। किसानों को समय पर खाद मुहैया कराने की जिम्मेदारी या फिर खराब हुई फसलों का सही मुआवजा, भाजपा लगातार खेती-किसानी के लिए नासूर बनती जा रही है।