• भिवानी ने सांसद बोले-यहां लोग आपस में बांटकर रखते, दिल्ली में सभी साथ बैठते हैं

भिवानी में भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर की जुबानी जंग पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि मेरी दोनों से मित्रता हैं। ये तो लोग यहां पता नहीं क्यों आपस में बांटकर रखते हैं। हम जब दिल्ली में सेंट्रल हॉल में या विधानसभा में बैठते हैं, तो पक्ष-विपक्ष हम सभी इकट्‌ठे बैठते हैं।

बता दें कि भिवानी के पंचायत भवन में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने VB-G RAM-G योजना को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया। वर्कशॉप में सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने लोगों को योजना के बारे में जानकारी दी और उसके लाभ बताए। साथ ही वर्कशॉप में शामिल सरपंच, पंच व अन्य लोगों से भी सुझाव मांगे।

सभी नेता इकट्‌ठे रोटी खाते हैं- सांसद

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर के बीच चल रही जुबानी जंग को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि “मेरी दोनों से मित्रता है। नरबीर मेरा पुराना साथी रहा है। दानसिंह मेरे खिलाफ लड़ा था, वह आज भी मित्र है और पहले भी था।

इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। ये तो लोग यहां पता नहीं क्यों आपस में बांटकर रखते हैं। हम जब दिल्ली में सेंट्रल हॉल में या विधानसभा में बैठते हैं, तो पक्ष-विपक्ष हम सभी इकट्‌ठे बैठते हैं, इकट्‌ठे रोटी खाते हैं, इकट्‌ठे चाय पीते हैं। ये तो केवल आप लोगों की सोच है कि अलग-अलग। यह देश एक है और सारे नेता एक हैं।