• उचाना में 103 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन

जींद जिले में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज 18 फरवरी को पहली बार बांगर की धरती पर राजनीतिक सभा को संबोधित करने उचाना पहुंचे। क्षेत्र के लोग भाजपा का झंडा थामे नारे लगाते हुए नजर आए। पंडाल भी भीड़ से फुल हो गया है। रैली अतिरिक्त अनाज मंडी में हो रही है। सीएम सैनी भी मंच पर पहुंच गए हैं। उन्होंने विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री और अन्य नेताओं के साथ हाथ उठा कर भीड़ का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उचाना पहुंचे हैं। यहां लोगों ने उनका फूल बरसा कर स्वागत किया। इसके बाद सीएम ने 103 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। उचाना रैली में मंच पर डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्डा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी भी मौजूद रहे। उचाना विधायक अत्री ने राम दरबार भेंट कर सीएम नायब सिंह सैनी का स्वागत किया।

CM बोले- कांग्रेस ने तो लड्डू भी बनाए

रैली में बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस की न नीयत है और न कोई नीति है। उनके नेतृत्व को विश्व जानता है। यह लोग भारत को बदनाम करने में में लगे हैं। सीएम ने कांग्रेस पर चुटकी पर लेते हुए कहा कि विस चुनाव के दौरान लड्डू भी बना दिए थे लेकिन भाजपा जीत गई। भाजपा की जीत के बाद आज तक ये सदमें से उबरे नही हैं। कांग्रेस का झूठ अब नही चलेगा। अगली बार भी कांग्रेस का सुपडा साफ होगा।

उचाना के लिए कई घोषणाएं

सीएम ने थुआ के मोगा नंबर 3600 एल बधाना माइनर को पक्का करवाने के लिए 75 लाख जारी करने की बात कही। उचाना विस के 6 जलघरों की रिमोडलिंग तथा रिहैबलिटेशन करवाई जाएगी। इस पर 3 करोड़ 72 लाख रुपये खर्च आएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोघडिया के नए भवन का निर्माण भी किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उचाना खुर्द में नया भवन बनवाया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करसिंधू को अपग्रेड करने की घोषणा की, जिस पर करीब 20 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

पंजाब सरकार पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि बुढापा पेंशन को लेकर भी कांग्रेस ने लोगों को बहकाने का काम किया। पंजाब में आम आदमी की सरकार है लेकिन वहां भी आम आदमी का नाश दिया। हरियाणा में कांग्रेस और आप ने समझौता किया और दोनों ने मिल कर कुरूक्षेत्र में सांसद चुनाव को लेकर प्रत्याशी उतारा। कुरूक्षेत्र वालों ने उसे साफ कर दिया और उसे वहीं भेज दिया जहां से आया था। वहीं मनरेगा में भ्रष्टाचार को भी भाजपा ने रोकने का काम किया।

कांग्रेस ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया

सीएम सैनी ने कहा कि उचाना की भूमि को लंबे समय से अनदेखा किया गया। केवल और केवल वोट के लिए इस्तेमाल किया गया। यहां के लोगों की जरूरतों और आवश्यकताओं को नजर अंदाज किया। झूठे वादे कर आपके वोटों की फसल तो तीन पीढ़ियों तक काटी लेकिन विकास के नाम पर कुछ नही किया। झूठे सपने दिखा कर अपनी पीढिय़ों को आगे बढाया। परिवारवाद की दलदल में फंसे इन लोगों ने केवल अपना फायदा सोचा है। उचाना के विकास के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ेंगे।

रिक्शा चालक का बेटा भी पुलिस में

CM ने कहा कि वो कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि आप झूठी अफवाहें फैला कर लोगों को गुमराह मत करो। जब कांग्रेस सरकार में रिजल्ट आता था तो गरीब के बच्चे का नाम नही आता था। आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार में रिक्शा चालक के बेटे का नाम पुलिस भर्ती में आता है। यही अंतर भाजपा और कांग्रेस सरकार के बीच है। यही बात विपक्ष को हजम नही हो रही है।