- पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट लीडर समेत 125 युवा BJP में शामिल
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज (21 फरवरी) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा पंजाब कार्यालय पहुंचे, जहां पंजाब के विभिन्न बड़े शहरों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की पार्टी में जॉइनिंग करवाई।
इस दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी में हिंदुस्तान स्टूडेंट यूनियन के प्रधान कुलदीप चौधरी ने पार्टी जॉइन की है। उनके साथ कुल 125 युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM नायब सैनी ने कहा- यहां की सरकार काम नहीं करना चाहती। और जो काम करना चाहते हैं, उन्हें रोका जा रहा है। मेरा कल भी पंजाब में कार्यक्रम था और आज भी है। मैं आम आदमी पार्टी (AAP) से बस यही कहना चाहता हूं कि काम करो, दूसरों को काम करने से मत रोको
इस कार्यक्रम को पंजाब की राजनीति में अहम माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व पंजाब में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम कर रहा है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की नजर भी पंजाब पर है और पार्टी हाईकमान राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार रणनीतिक बैठकें कर रही है।
हरियाणा CM ने ये बातें कहीं…
हमारी सरकार बनी तो सभी गैंगस्टर जेल में होंगे: कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार पर निशान साधा। कहा कि पिछले 5 साल में गैंगस्टरवाद और नशा काफी बढ़ चुका है। इसके पहले कांग्रेस ने भी गैंगस्टरों को काफी बढ़ाया था, लेकिन अगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार आती है तो इन पर लगाम लगा दी जाएगी। सभी को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा। जो युवा पीढ़ी को खत्म कर रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
पंजाब सरकार मुझे रोक रही: इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा- राहुल गांधी बताएं कि पंजाब में लंबे समय तक उनकी सरकार रही तो क्या किया? हरियाणा सीएम ने कहा कि उनके पंजाब में प्रोग्राम हैं, लेकिन आप आदमी पार्टी की सरकार उन्हें रोकने का काम कर रही है।
AAP सरकार ने कितने वादे पूरे किए: उन्होंने कहा- मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वह मुझे रोकने का काम न करे, बल्कि पंजाब में वह काम करें जो चुनाव से पहले लोगों से वादा किया था। कितने वादे पूरे हुए? क्या सिर्फ चुनाव जीतने के लिए वादे किए थे? लोगों से झूठ बोला था।
क्या मान-केजरीवाल आपस में बात नहीं करते: CM सैनी ने कहा- जब पंजाब में बाढ़ आई तब पंजाब सीएम कुछ और बयान दे रहे थे और केजरीवाल गुजरात में कुछ और बयान दे रहे थे। एक मुआवजा ज्यादा बता रहे थे तो दूसरे कम। क्या दोनों आपस में बात नहीं करते?
