• प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र बोले: नहीं होगा खेला, नेताओं को पार्टी लाइन में रहना होगा

हरियाणा के रेवाड़ी में हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस एक सीट जीतेगी, जबकि दूसरी सीट भाजपा के खाते में जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार किसी तरह का “खेल” नहीं हो पाएगा।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवार के नाम पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। जल्द ही पार्टी हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व से चर्चा के बाद प्रत्याशी तय किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईकमान का फैसला सर्वोपरि होगा और पार्टी उसी के आधार पर चुनाव लड़ेगी।

पार्टी सिंबल हो पार्षद का चुनाव

बैठक में प्रदेश सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व चेयरपर्सन सुचित्रा चांदना, ऋषि यादव और पूर्व पार्षद रंजना भारद्वाज समेत कई नेता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया कि चेयरमैन का चुनाव पार्टी सिंबल पर और पार्षदों का चुनाव बिना सिंबल के कराया जाए।

फिर स्याही कांड नहीं, विधायकों और नेताओं पर पूरा भरोसा: स्याही कांड से जुड़े सवाल पर राव नरेंद्र सिंह ने पार्टी विधायकों और नेताओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि ऐसा कोई विवाद दोबारा नहीं होगा। उन्होंने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता और सभी को पार्टी लाइन में रहकर ही बयान देना चाहिए।
कांग्रेस के शासन में नौकरियों की बंदरबाट का आरोप निराधार: कांग्रेस शासनकाल में नौकरियों में बंदरबांट के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय नियुक्तियां पूरी तरह योग्यता के आधार पर हुई थीं। कैप्टन द्वारा उठाए गए सवालों को उन्होंने व्यक्तिगत राय बताते हुए कहा कि वे उन विचारों से सहमत नहीं हैं।

केजरीवाल के बरी होने से भाजपा की साजिश बेनकाब

दिल्ली के मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal के कथित शराब घोटाले और पूर्व मुख्यमंत्री Bhupinder Singh Hooda के एजीएल मामले में बरी होने पर उन्होंने कहा कि इन फैसलों से साबित होता है कि भाजपा अपने विरोधियों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान करती है।

तीनों निगम पर होगा कांग्रेस का कब्जा

नगर निकाय चुनाव को लेकर भी उन्होंने भरोसा जताया कि रेवाड़ी सहित तीनों निगमों में कांग्रेस उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे। इस संबंध में रेवाड़ी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण चौधरी व अन्य पदाधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बैठक हुई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।