- टटोली वर्करों की नब्ज, कमल दीवान बोले- जनता के मुद्दों पर फोकस करें
सोनीपत में कांग्रेस पार्टी ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। शहरी जिला अध्यक्ष कमल दीवान और ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न नगर निगम वार्डों का दौरा किया। इस अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं को समझना, संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना है।
अभियान की शुरुआत मॉडल टाउन के वार्ड नंबर 12 से हुई, जहां राकेश मदान के नेतृत्व में कांग्रेस के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इसके बाद टीम वार्ड नंबर 17 पहुंची, जहां प्रीतम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने वर्तमान सरकार की कथित विफलताओं पर नाराजगी जताई।
ग्रामीण इलाकों में भी पहुंची कांग्रेस टीम
अभियान देवडू गांव (वार्ड नंबर 5) तक जारी रहा। देवडू गांव की रहने वाली बिंदिया चोपड़ा के नेतृत्व में आयोजित जनसभा में ग्रामीणों ने बिजली, पानी और खराब सड़कों जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद पटेल नगर (वार्ड नंबर 9) में देवेंद्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
जनता बदलाव की उम्मीद कर रही है: कमल दीवान
शहरी जिला अध्यक्ष कमल दीवान ने कहा कि जिले की जनता मौजूदा शासन के कुप्रबंधन से परेशान है। विकास के नाम पर केवल खोखले वादे किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 5 से लेकर वार्ड नंबर 17 तक, जहां भी कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे, लोगों ने बदलाव की उम्मीद जताई।
कांग्रेस आम आदमी की आवाज: दीवान
कमल दीवान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम आदमी की आवाज है। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर प्रॉपर्टी आईडी और परिवार पहचान पत्र जैसी जटिलताओं को समाप्त कर जनता को राहत दी जाएगी। दीवान ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ है, और कार्यकर्ताओं का उत्साह सोनीपत में पार्टी की बड़ी जीत सुनिश्चित करेगा।
