- सिंबल पर इलेक्शन लड़ने की तैयारी, SC महिला के लिए चेयरमैन पद आरक्षित
रेवाड़ी शहर में इस साल अप्रैल-मई में होने वाले निकाय चुनावों में राजनीतिक दलों के बीच घमासान देखने को मिल सकता है। भाजपा 2020 में चेयरमैन और वार्ड चुनाव सिंबल पर लड़ चुकी हैं। 2020 में चेयरमैन का चुनाव सिंबल पर लड़ चुकी कांग्रेस भी इस बार वार्ड चुनाव भी सिंबल पर लड़े तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।
2024 में विधानसभा चुनाव में केवल 2 सीट जीतने वाली इनेलो भी सिंबल पर चुनाव लड़ने को मंथन कर रही है। कांग्रेस और इनेलो की यह रणनीति सिरे चढ़ी, तो इस बार छोटी सरकार के चुनावों में राजनीतिक दलों के बीच घमासान देखने को मिल सकता है।
2020 में भाजपा के लिए वार्ड चुनाव लड़ने का अनुभव अच्छा नहीं रहा था। चेयरमैन चुनाव में पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के भतीजे की पत्नी को हराकर चुनाव जीतने वाली भाजपा वार्ड चुनाव में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई थी। हालांकि निर्दलीय चुनाव जीतने वाले अधिकतर पार्षदों ने बाद में भाजपा का समर्थन दिया था।
तैयारियां पूरी, पार्टी करेगी फैसला
भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने कहा कि चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह से तैयार है। कार्यक्रमों के साथ नई जॉइनिंग भी हो रही हैं। रेवाड़ी और धारूहेड़ा में चेयरमैन का चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेंगे। वार्ड चुनाव पर अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कह सकते। पार्टी जो भी फैसला लेगी, उस पर अमल किया जाएगा।
चेयरमैन चुनाव सिंबल पर लड़ेंगे
कांग्रेस के शहरी जिला प्रधान प्रवीण चौधरी ने कहा कि पार्टी चेयरमैन का चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। रेवाड़ी दौरे के दौरान वार्ड चुनाव को लेकर भी प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की राय जानी थी। पार्टी जो भी निर्णय लेगी और जिसे भी अपना उम्मीदवार बनाएगी। सभी कार्यकर्ता एकजुटता से उसके साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
निकाय चुनाव लड़ेगी इनेलो
इनेलो के प्रवक्ता रजवंत डहीनवाल ने कहा कि इनेलो निकाय चुनाव जरूर लड़ेगी, इसके लिए पार्टी तैयारियां शुरू कर चुकी है। जिला स्तर पर इसे लेकर पार्टी की एक बैठक भी हो चुकी है। जल्द ही इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला भी रेवाड़ी का दौरा कर सकते हैं।
रेवाड़ी और धारूहेड़ा में होंगे चुनाव
इस साल अप्रैल मई में रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका के चुनाव होंगे। रेवाड़ी में चेयरमैन का पद एससी महिला और धारूहेड़ा में सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। 2020 में रेवाड़ी में भाजपा की पूनम यादव और धारूहेड़ा में निर्दलीय कंवर सिंह यादव चेयरमैन चुने गए थे। हालांकि चुनाव जीतने के बाद कंवर सिंह यादव ने भी भाजपा जॉइन कर ली थी।
