भिवानी शहर के बड़ चौक पर सोमवार को कांग्रेस सेवा दल ने गैस की किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही कहा कि सरकार समस्या का जल्द से जल्द समाधान करे, अन्यथा कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। इस दौरान कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर धरने पर बैठे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

गैस की किल्लत को लेकर पूरे देश में दिक्कत है

जिला कांग्रेस सेवा दल भिवानी के प्रधान विजेंद्र सिंह सिवाच ने बताया कि प्रदर्शन गैस की किल्लत को लेकर किया गया, पूरे देश में दिक्कत है। जिसके कारण लोगों को लाइनों में लगना पड़ता है। सुबह से शाम तक खड़े रहते हैं। इसके बाद जब पर्ची बनवाकर गोदाम में जाते हैं, कहा जाता है कि गैस खत्म हो गई।

गैस की आपूर्ति बहाल की जाए

उन्होंने सरकार से मांग की, कि गैस की आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही जो 60 रुपए प्रति सिलेंडर रेट बढ़ाए गए थे, उन्हें भी वापस लिया जाए। देश में गैस की किल्लत है तभी लोगों की लाइन लगी हुई है। आगे अगर ऐसे ही गैस की समस्या रही तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें पूरी कांग्रेस पार्टी शामिल होगी।

सरकार को चेताने के लिए दिया धरना

कांग्रेस के कार्यकर्ता सुमित बराड़ गैस को लेकर देश के मौजूदा हालातों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। उसके खिलाफ सरकार को चेताने के लिए कांग्रेस सेवा दल द्वारा धरना दिया गया। भाजपा का हर नेता कहता है कि हमारे देश में एलपीजी की किल्लत नहीं है। जबकि वास्तविक स्थिति इनके भाषणों से पूरी की पूरी उलट है।

देश में यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है। भिवानी की गैस एजेंसी के बाहर लाइनें लगी हैं। गैस के 2 जहाज भारत के लिए निकले हैं, जबकि 28 से ज्यादा जहाज वहां अटके हुए हैं।

गैस के लिए परेशान

भिवानी की महम गेट की नई बस्ती निवासी धापा ने कहा कि उनका बेटा तो मजदूरी करता है। उनको सिलेंडर नहीं मिल रहा। जिसके कारण खाना बनाने तक में परेशानी हो चुकी है। खाना बनाने तक जगह नहीं। उनको 5 माह से सिलेंडर नहीं मिल रहा, ऊपर से सिलेंडर भी कम ही मिल रहा है, काफी दुखी हो रखे हैं।

नई बस्ती निवासी निर्मला ने कहा कि उनको गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। जिसके कारण परेशानी हो रखी है, घर में बिजली तक नहीं है। तीन बेटियां हैं और खाना बनाने तक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। उन्हें गैस सिलेंडर दिलाया जाए।