महिलाओं को ₹2100 देने का वादा झूठा, जेजेपी ने जनता से किया था धोखा
इनेलो महिला विंग की अध्यक्ष सुनैना चौटाला ने हरियाणा राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इनेलो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन नहीं करेगी। सुनैना चौटाला ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। यह बयान उन्होंने हिसार महिला विंग की बैठक को लेकर दिया है।
सुनैना चौटाला ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर स्थिति जल्द ही साफ हो जाएगी। उन्होंने दोहराया कि इनेलो ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह भाजपा के साथ नहीं जाएगी। इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला जल्द ही आधिकारिक घोषणा करेंगे।
दुष्यंत चौटाला पर किया पलटवार
उन्होंने जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें दुष्यंत ने हांसी की रैली में कहा था कि इनेलो राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट देगी। सुनैना चौटाला ने आरोप लगाया कि जेजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से भाजपा के साथ न जाने का वादा किया था, लेकिन 10 सीटें जीतने के बाद उसने भाजपा के साथ गठबंधन कर लिया।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने हर महिला को 2100 रुपए देने का वादा किया था। हालांकि, अब सरकार ने यह राशि देने के लिए कई शर्तें लगा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल “झूठ की राजनीति” कर रही है।
अभय सिंह चौटाला से जनता को काफी उम्मीदें- सुनैना
सुनैना चौटाला ने दावा किया कि हरियाणा में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला से जनता को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई बड़े नेता इनेलो में शामिल हो रहे हैं, जिससे पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
कांग्रेस और भाजपा के बीच अंदरूनी मिलीभगत- सुनैना
उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें खट्टर ने कहा था कि मौसम की खराबी के कारण कांग्रेस विधायक वोट डालने पहुंचेंगे या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। सुनैना चौटाला के अनुसार, इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस और भाजपा के बीच अंदरूनी मिलीभगत है।
