• सेतिया ने अभय और दिग्विजय ने आदित्य को घेरा, सीएम ने इनेलो को बताया बी टीम

राज्यसभा चुनाव के बाद सिरसा में सियासी माहौल गर्मा गया है। इसे लेकर कांग्रेस, इनेलो व जजपा नेताओं के बयान आ रहे हैं और एक-दूसरे पर पलटवार करते हुए कटाक्ष किया है। इस चुनाव में वोटिंग के समय कांग्रेस और इनेलो की भूमिका को लेकर जो सवाल उठे थे और सिरसा विधायक गोकुल सेतिया के मीडिया में दिए अंतरात्मा वाले बयान पर इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने भी सियासी हमला बोला था। ये काफी चर्चा में रहे।

अब सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने भी अभय सिंह चौटाला पर कटाक्ष किया है और वोट न डालने पर दिग्विजय चौटालो ने डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल को घेरा है। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इनेलो को कांग्रेस की बी टीम बता दिया है। इससे पहले कांग्रेस ही इनेलो को बीजेपी की बी टीम बता आरोप लगा रही थी।

इस पर अभय सिंह चौटाला ने कल मीडिया से कहा था कि इस चुनाव में पता चल जाएगा कि बीजेपी की बी टीम कौन है, वो कांग्रेस ही है। कांग्रेस से पूर्व सीएम हुड्‌डा पर ही बीजेपी की मदद करने के आरोप लगाए थे। इसलिए इनेलो इस चुनाव से दूरी बनाकर रहेगी। मगर ये इनेलो पर ही भारी पड़ गया। एक तरफ खुद सीएम नायब सिंह और दूसरी तरफ जजपा नेता दिग्विजय ने इनेलो की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए।

सेतिया की पोस्ट पर लोगों के कमेंट

सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला पर कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है, जिसमें लिखा-अभय सिंह चौटाला अंकल, आत्मा किस-किस की भटकी, किसकी नहीं, आपको भी पता चल ही गया होगा। इसे लेकर आज फेसबुक पर पोस्ट डाली है, जिसमें समर्थकों व लोगों ने कमेंट कर जवाब भी दिया है। कुछ मिलजुले तो कुछ ने अंतरात्मा वाले बयान को विरोधी बताया।

बता दें कि कल सोमवार को राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के बाद विधायक गोकुल सेतिया ने मीडिया से कहा-व्यवस्था सही है और मैंने अपनी अंतरात्मा से वोट डाला है। इसी बयान पर चंडीगढ में प्रैस कांफ्रेंस में अभय चौटाला ने कहा था-अंतरात्मा का आज शाम को पता चल जाएगा कि किसकी झूठी है या सच है।

हर जगह अप्सेंट, क्या डबवाली के लोगों ने अप्सेंट विधायक चुना : दिग्विजय

डबवाली विधानसभा से जजपा प्रत्याशी रहे दिग्विजय चौटाला ने आज मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से बयान जारी कर डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल पर निशाना साधते हुए कहा-डबवाली हलकावासियों आप सब जानते हैं कि रात को राज्यसभा चुनाव का रिजल्ट आया। डबवाली के लोगों ने सवा दो लाख वोट डालकर विधायक चुना है। जो विधायक खुद का वोट डालते नहीं, उन्हें जनता का वोट चाहिए।

दिग्विजय बोले, जो अविश्वास में सरकार के साथ खड़े होते नहीं, उन्हें जनता का विश्वास चाहिए। जो सवाल सरकार से पूछते नहीं, उनको जनता के दिल में जगह चाहिए। हर जगह अप्सेंट। सवाल पूछने, राज्यसभा चुनाव में अप्सेंट, क्या हमने अप्सेंट विधायक को चुना है। जरा जरूर सोचिए।

सीएम सैनी बोले, इनेलो ने कांग्रेस की अप्रत्यक्ष मदद की

सीएम नायब सिंह सैनी चुनाव के बाद मीडिया से बोले, इस चुनाव में इनेलो का रोल कांग्रेस की बी टीम के रूप में नजर आया। इनेलो कांग्रेस की बी टीम नजर आई है। हमने तो संजय भाटिया को उम्मीदवार खड़ा किया था। सतीश नांदल निर्दलीय थे। बीजेपी व कांग्रेस को वोट नहीं करना था तो निर्दलीय को वोट डाल सकते थे।

सीएम बोले, इनेलो ने अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस को स्पोर्ट करने का काम किया, ऐसा पहली बार हुआ है। एक वोट से निर्दलीय की हार हुई है, क्योंकि कांग्रेस को अपने विधायकों पर विश्वास नहीं है।