• करनाल-कुरूक्षेत्र के बीच बनेगा नया एयरपोर्ट

सोनीपत शहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने राज्य और राष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बजट, राज्यसभा चुनाव, वैश्विक हालात, विकास परियोजनाओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखते हुए विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री के रूप में प्रदेश का बजट प्रस्तुत किया, जो विकासोन्मुखी और जनहितकारी है। विपक्ष ने विधानसभा में अपनी बात रखने के बजाय मीडिया के जरिए सुर्खियां बटोरने की कोशिश की। जब भी सदन में गंभीर मुद्दों पर बहस का अवसर मिला, विपक्ष ने वॉकआउट कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का काम किया।

राज्यसभा चुनाव पर प्रतिक्रिया और क्रॉस वोटिंग मुद्दा

राज्यसभा चुनाव को लेकर मोहनलाल बड़ौली ने भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया को जीत की बधाई देते हुए कहा कि चुनाव काफी रोचक रहा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पांच विधायकों ने निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाला, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा के दो वोटों में से एक को चुनाव आयोग ने निरस्त किया है और मामले में निर्दलीय उम्मीदवार कोर्ट का रुख करेगा, जिसका निर्णय सभी को स्वीकार होगा।

कांग्रेस पर अविश्वास का आरोप

क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर मोहनलाल बड़ौली ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक खुद अपने नेताओं को वोट दिखाकर मतदान कर रहे थे।

इसके बावजूद पार्टी आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि पांचवें क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक का नाम सोशल मीडिया के जरिए सामने आया, जो कांग्रेस की आंतरिक स्थिति को दर्शाता है।

वैश्विक संकट और गैस मुद्दे पर बयान

अंतरराष्ट्रीय हालात पर बोलते हुए मोहनलाल बडौली ने कहा कि ईरान, इ़जरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर तेल और गैस पर पड़ा है, लेकिन भारत पर इसका प्रभाव अन्य देशों की तुलना में कम रहेगा।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि युद्ध के अगले ही दिन लोकसभा में गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन करना अशोभनीय था। उन्होंने कहा कि देश में गैस का कोई संकट नहीं है और विपक्ष भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।

बड़ी विकास योजनाओं का ऐलान

प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल ने कहा कि केंद्रीय बजट में सोनीपत को तीसरी हाई-स्पीड रेल सेवा मिलने जा रही है। इसके अलावा आरटीएस और मेट्रो विस्तार की योजनाएं भी जल्द पूरी होगी। उन्होंने करनाल और कुरुक्षेत्र के बीच नए एयरपोर्ट के निर्माण की भी घोषणा की और बताया कि कुरुक्षेत्र एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से लोग आते हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे और औद्योगिक विकास पर जोर

मोहनलाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईएमटी खरखोदा में मारुति सुजुकी के प्लांट का शुभारंभ करेंगे और सोनीपत का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी हरियाणा आते हैं, प्रदेश के लिए नई सौगात लेकर आते हैं, जिससे औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति मिलती है।

इनेलो और लोकतंत्र पर टिप्पणी

इनेलो पार्टी द्वारा राज्यसभा चुनाव में वोट न डालने पर मोहनलाल बडौली ने कहा कि यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में भाग लेना हर दल की जिम्मेदारी होती है।
हरियाणा में बढ़ती फिरौती कॉल्स के मुद्दे पर मोहनलाल बडौली ने कहा कि यह एक ट्रेंड बनता जा रहा है, लेकिन इनमें कई कॉल फर्जी भी होती हैं।

उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो लगातार कार्रवाई कर रही हैं। कई मामलों में विदेशों से भी अपराधियों को पकड़कर हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई की है।

गोहाना को जिला बनाने की प्रक्रिया जारी

गोहाना को जिला बनाने के मुद्दे पर मोहनलाल बडोली ने कहा कि प्रक्रिया जारी है और जैसे ही सभी औपचारिकताएं पूरी होगी, उसे जिला घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।