• हुड्डा के लिए 20 साल तंवर-सैलजा से लड़ा, दिल टूट गया, हाईकमान से बात करूंगा

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में नाम आने और नोटिस जारी होने के बाद रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा पर भड़ास निकाली है। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा का नाम यहां जिंदा रखने की वजह से ही अशोक तंवर और कुमारी सैलजा से लड़ाई लड़ी।

जरनैल सिंह ने CM नायब सैनी की भी खुलकर तारीफ की। बोले- नायब सैनी बहुत ही बढ़िया मुख्यमंत्री हैं, काम करने वाले हैं। पहले सीएम विपक्ष के विधायकों के घर नहीं जाते थे, लेकिन नायब सैनी ने इतिहास रचते हुए ये शुरुआत की है।

कांग्रेस विधायक ने कहा- पार्टी के सभी विधायक चोरी-चोरी CM से मिलने जाते हैं, काम कराते हैं। 20 मार्च को ही कांग्रेस अनुशासन समिति ने जरनैल सिंह को नोटिस जारी कर क्रॉस वोटिंग पर 7 दिन में जवाब मांगा है।

जानिए…जरनैल सिंह ने क्या-क्या बातें कहीं

20 साल से हुड्‌डा का सच्चा सिपाहीः मीडिया से बातचीत में विधायक जरनैल सिंह ने कहा- नोटिस जारी होने और नाम उछालने से दिल टूटा है। 20 साल से चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के साथ सच्चा सिपाही बनकर यहां उनके लिए लड़ाई लड़ता रहा हूं। मैंने अपनी वोट कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को दी है। हुड्‌डा साहब को दिखाकर वोट दी है।

हुड्डा के लिए सैलजा-तंवर से लड़ाः जरनैल सिंह ने कहा, हुड्‌डा साहब का सबसे सच्चा सिपाही मैं हूं। आज मुझे उनकी वफादारी का यह सिला मिला है। मैंने हुड्‌डा की वजह से ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रहे अशोक तंवर के साथ लड़ाई लड़ी। बहन कुमारी सैलजा से लड़ाई लड़ी, ताकि हुड्‌डा का नाम यहां जिंदा रहे। इन लोगों ने मेरा क्या बिगाड़ा था। इन्होंने मंदभागी (गलत) बात की है।

सीएम की सभी तारीफ कर रहेः सीएम नायब सैनी की तारीफ करने के सवाल पर जरनैल सिंह ने कहा- उनकी तारीफ मैं अकेला नहीं करता। सारे एमएलए उनकी तारीफ करते हैं। उनके पास चोरी-चोरी सारे जाते हैं। उनसे काम लेते हैं। काम करवाने के लिए ही हम मिले हैं। अगर कोई हमारा काम करता है, तो हमें काम लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री चंगे बंदे हैंः जरनैल सिंह ने आगे कहा कि मैं पहले दो बार एमएलए रह चुका हूं। सरकार से पैसा लाकर बहुत विकास करवाया है। एमएलए की ग्रांट नहीं होती। मुख्यमंत्री नायब सैनी बहुत चंगे बंदे हैं, सबकी बात सुनते हैं। उन्होंने नया इतिहास रचा है। पहले कोई मुख्यमंत्री विपक्षी के घर नहीं गया। कभी कोई मरगत (निधन) पर भी नहीं गया।

सीएम का कार्यकाल बहुत ही शानदारः जरनैल सिंह ने कहा कि सीएम नायब सैनी सबके घर जाते हैं, चाहे कोई भी विधायक अपने बच्चे की शादी या कार्ड देकर आए, तो सबके यहां जाते हैं। बहुत ही बढ़िया मुख्यमंत्री है। उनका कार्यकाल बहुत ही शानदार है। जब उन्होंने पगड़ी बांधी थी, तब भी मैंने उनकी तारीफ की थी। बजट भी पगड़ी पहनकर पेश किया।
अभी कांग्रेस छोड़ने पर कोई विचार नहीं

कांग्रेस छोड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर जरनैल सिंह ने कहा कि अभी ऐसी कोई मंशा नहीं है। पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और कांग्रेस में ही रहेंगे। हाईकमान को नोटिस का जवाब भेजकर अपनी निष्ठा के बारे में बताएंगे।

हुड्‌डा ने दिलाई थी कांग्रेस की टिकट

जरनैल सिंह साल 2011 के उपचुनाव में दूसरी बार विधायक बने थे। उस समय प्रदेश में भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा सीएम थे। हुड्‌डा ने पहली बार जरनैल सिंह को कांग्रेस की टिकट दिलाई। इसके बाद हुए हर चुनाव में हुड्‌डा ने ही पैरवी करके जरनैल सिंह को टिकट दिलवाई। कांग्रेस की टिकट पर जरनैल पांच बार चुनाव लड़े हैं। जिनमें से दो बार जीते हैं। एक बार इनेलो के टिकट पर भी जीत दर्ज की।