- क्रॉस वोटिंग का मामला, DPC की रिव्यू मीटिंग में बनेगा एक्शन प्लान
हरियाणा कांग्रेस के 3 विधायकों ने अभी तक शोकॉज नोटिस का जवाब नहीं दिया है। इसका जवाब देने का आज आखिरी दिन है। पार्टी सूत्रों की मानें तो अगर तय समय पर जवाब नहीं दिया गया तो सख्त कार्रवाई हो सकती है।
अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ( DPC) की बैठक में इनके निलंबन या निष्कासन का भी निर्णय लिया जा सकता है। इसे लेकर ही गुरुवार को नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी और रतिया विधायक जरनैल सिंह ने शोकॉज नोटिस का जवाब भेजा था।
दरअसल, राज्यसभा चनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद पार्टी ने पांच विधायकों को ये नोटिस जारी किया था। अब तक हथीन विधायक मोहम्मद इजरायल, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और सढ़ौरा से विधायक रेनू बाला ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है।
इन 5 विधायकों पर अब फैसला राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में हो सकता है। 30 मार्च को हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। इसके बाद हरियाणा डीपीसी की अप्रैल के पहले हफ्ते में चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय पर भी मीटिंग होगी होगी। जिसमें दिल्ली की बैठक का फैसला सुनाया जा सकता है।
जिन 2 विधायकों ने जवाब दिया, उसमें क्या…
सूत्रों के मुताबिक दोनों ही विधायकों ने अपने जवाब में दावा किया कि उन्होंने क्रॉस वोट नहीं किया है। बल्कि पार्टी के ऑफिशियल प्रत्याशी को ही वोट दिया है। दोनों विधायकों ने खुद को पार्टी के प्रति समर्पित और सच्चा सिपाही बताया है। दिलचस्प है कि शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर कांग्रेस छोड़ चुके हैं।
दो बार विधायक व सीपीएस रहे गुर्जर हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष थे। उनकी गिनती सैलजा के करीबियों में होती थी।
यहां पढ़िए क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक कह चुके…
क्रॉस वोटिंग के आरोपों में घिरे कांग्रेस विधायकों के विचार…
मोहम्मद इसराइल : कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट के लिए कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाया। बौद्ध मुझे पंसद नहीं थे। मैंने ‘अंतरात्मा की आवाज’ पर वोट दिया। सीएम किसी पार्टी के नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा के हैं। विधानसभा में मैंने अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए। हलके की मांगों को लेकर CM से मिलता रहता हूं। खतों में पानी भरने की समस्या को सीएम साहब ने दूर कराया है।
रनैल सिंह: भूपेंद्र हुड्डा का नाम फतेहाबाद इलाके में जिंदा रखने के लिए अशोक तंवर और कुमारी सैलजा से लड़ाई लड़ी। पार्टी के सभी विधायक चोरी-चोरी CM से मिलने जाते हैं, काम कराते हैं। नायब सैनी बहुत ही बढ़िया मुख्यमंत्री काम करने वाले हैं। पहले सीएम विपक्ष के विधायकों के घर नहीं जाते थे, लेकिन नायब सैनी ने इतिहास रचते हुए ये शुरुआत की है।
शैली चौधरी: क्रॉस वोटिंग करने की बात में सच्चाई नहीं है। साबित हुआ, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगी। कांग्रेस में पसंद नापसंद का खेल चल रहा है, जिसको ना पसंद किया जाता है, तो उनको वह लोग निपटा देते हैं। मैं क्यों इस्तीफा दूं, मेरा फैसला नारायणगढ़ की जनता करेगी।
रेनू बाला : मेरे नाम को जानबूझकर राजनीतिक कारणों से उछाला जा रहा है। पहले 13 विधायकों के भाजपा के संपर्क में होने की बात कही गई, फिर यह संख्या 9 बताई गई। उसके बाद 5 नाम सामने आए। इसके पीछे कौन लोग हैं, यह सभी जानते हैं।
उन्होंने इशारों-इशारों में भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हरियाणा की राजनीति को अपने हाथ में लेना चाहते हैं और विधायकों को अपने पीछे लगाकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
5 सांसदों के शामिल होने की उम्मीद
दिल्ली में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग में प्रदेश के सभी पांचों सांसदों के भी शामिल होने का अनुमान है। राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के 4 सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना, जयप्रकाश जेपी और सतपाल ब्रह्मचारी एक साथ दिखाई दिए थे, मगर कुमारी सैलजा ने चुनाव से दूरी बनाए रखी थी। चुनाव पर उनका कोई बयान भी सामने नहीं आया।
बयानबाजी पर सख्ती बढ़ाने की तैयारी
विधायकों के विरोध को देखते हुए पार्टी सख्त फैसला ले सकती है। इसके अलावा पार्टी हाईकमान संगठनात्मक पदों से हटाने का फैसला भी ले सकती है। नोटिस के बाद शैली चौधरी और रेनू बाला तो खुलकर हुड्डा खेमे पर निशाना साध चुके हैं। जरनैल सिंह रतिया ने भी कहा था कि हुड्डा के कारण वे सैलजा-तंवर से लड़े।
मोहम्मद इजराइल कह चुके हैं कि मैंने अपने मन की करी, अब पार्टी अपने मन की कर ले। जबकि मोहम्मद इलियास तो मंगलवार रात को सीएम नायब सैनी से चंडीगढ़ में उनके आवास पर मिले। इसकी फोटो वायरल हुई।
