- दिल्ली आवास में मुलाकात, मिठाई लेकर पहुंचे इलियास
- शोकाज नोटिस का जवाब भी नहीं दिया
हरियाणा कांग्रेस में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के बागी तेवर लगातार बने हुए हैं। सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी के बाद वह सीधे पार्टी के नेताओं पर हमला बोल रहे हैं। इसी कड़ी में पुन्हाना से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास भी बीजेपी नेताओं से मिलने में मशगूल हैं। सीएम नायब सैनी से बुधवार की रात उनके चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास में मुलाकात के बाद अब कांग्रेस विधायक ने केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की है। उनकी ये फोटो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। 24 घंटे के अंतराल में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री से ये दूसरी मुलाकात है।
वहीं अभी तक मोहम्मद इलियास की ओर से कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्यवाही समिति के द्वारा भेजे गए शोकाज नोटिस का भी जवाब नहीं दिया है। इन मुलाकातों को लेकर मोहम्मद इलियास कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं।
जवाब देने का आज आखिरी दिन
हरियाणा कांग्रेस के 3 विधायकों ने अभी तक शोकॉज नोटिस का जवाब नहीं दिया है। इसका जवाब देने का आज आखिरी दिन है। पार्टी सूत्रों की मानें तो अगर तय समय पर जवाब नहीं दिया गया तो सख्त कार्रवाई हो सकती है। अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ( DPC) की बैठक में इनके निलंबन या निष्कासन का भी निर्णय लिया जा सकता है। इसे लेकर ही गुरुवार को नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी और रतिया विधायक जरनैल सिंह ने शोकॉज नोटिस का जवाब भेजा था।
दरअसल, राज्यसभा चनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद पार्टी ने पांच विधायकों को ये नोटिस जारी किया था। अब तक हथीन विधायक मोहम्मद इजरायल, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और सढ़ौरा से विधायक रेनू बाला ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है।
इन 5 विधायकों पर अब फैसला राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में हो सकता है। 30 मार्च को हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। इसके बाद हरियाणा डीपीसी की अप्रैल के पहले हफ्ते में चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय पर भी मीटिंग होगी होगी। जिसमें दिल्ली की बैठक का फैसला सुनाया जा सकता है।
जिन 2 विधायकों ने जवाब दिया, उसमें क्या…
सूत्रों के मुताबिक दोनों ही विधायकों ने अपने जवाब में दावा किया कि उन्होंने क्रॉस वोट नहीं किया है। बल्कि पार्टी के ऑफिशियल प्रत्याशी को ही वोट दिया है। दोनों विधायकों ने खुद को पार्टी के प्रति समर्पित और सच्चा सिपाही बताया है। दिलचस्प है कि शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर कांग्रेस छोड़ चुके हैं।
दो बार विधायक व सीपीएस रहे गुर्जर हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष थे। उनकी गिनती सैलजा के करीबियों में होती थी।
