- दूसरों को बदनाम करना इनकी चाल
गुरुग्राम में भाजपा के जिला कार्यालय गुरुकमल में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ग्रीवेंस मीटिंग में पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनी। मीटिंग में कुल 15 शिकायतें रखी गई थी।
यहां पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कांग्रेस का अपना इंटरनल मामला है। क्योंकि इनके प्रभारी और विपक्ष के नेता दोनों कुर्सी पर बैठे थे। दोनों सारी वोट देख रहे थे, फिर किसने क्रॉस वोटिंग कर दी।
हुड्डा साहब बताएं किसने क्रॉस वोटिंग की
मुख्यमंत्री ने कहा कि हुड्डा साहब बताएं या इनके प्रभारी बताएं कि किसने क्रॉस वोटिंग की। देखा तो इन दोनों ने ही है और कौन देखने वाला था। या फिर इनकी चाल है कोई न कोई, ये दूसरे को बदनाम कर रहे हैं। इनका घर ठीक नहीं है, कांग्रेस पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। कांग्रेस की नीति और नियत दोनों खराब है। क्योंकि लंबे समय तक कांग्रेस ने राज किया और देश को पीछे धकेलने का काम किया।
समस्याओं में डालने का काम किया
कांग्रेस की कोई योजना नहीं बनी, कोई योजनाएं लोगों के हित में खड़ी नहीं हुई। कांग्रेस ने लगातार देश को समस्याओं में डालने का काम किया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
ममता बनर्जी कम्यूनिस्टों से भी खतरनाक
पश्चिमी बंगाल चुनाव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री वहां के लोगों के लिए समस्याएं खड़ी कर रही है, परंतु समधान नरेंद्र मोदी है और कोई नहीं है। पश्चिमी बंगाल में भी समाधान नरेंद्र मोदी है। वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तो कम्यूनिस्टों से भी ज्यादा खतरनाक निकली। वहां बोल नहीं सकता कोई।
पहले तो कम्यूनिस्टों ने समस्याएं खड़ी की, उससे बड़ी समस्याएं ममता दीदी ने खड़ी कर दी, परंतु उनका समाधान नरेंद्र मोदी है। उनके साथ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, विधायक बिमला देवी, डीसी अजय कुमार समेत तमाम जिला के बड़े अधिकारी मौजूद हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा का अनावरण किया
ग्रीवेंस मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुकमल जिला कार्यालय पहुंचे और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।
एजेंडे को आगे बढ़ा रही भाजपा
इस मौके पर विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि जिला कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने से न केवल पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद किया जाएगा, बल्कि हरियाणा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों को भी मजबूती प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है।
