- रोहतक निकाय चुनाव में उम्मीदवार की जल्द होगी घोषणा
रोहतक में भाजपा कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि सांपला निकाय चुनाव में उम्मीदवार की जल्द घोषणा की जाएगी। जिले की टीम ने निर्णय लिया है कि भाजपा सिंबल पर चुनाव लड़ेगी। इस बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा हो चुकी है और आज लिस्ट आने की संभावना है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि जिस क्षेत्र में भाजपा कमजोर है, वहां भाजपा की रणनीति काम करती है। रोहतक में भाजपा का कोई विधायक नहीं है, इसलिए स्थानीय सरकार भाजपा की बने, इसके लिए तैयारी पूरी है। जिसे भी टिकट मिलेगी, सभी कार्यकर्ता उसका साथ देंगे, क्योंकि भाजपा का कार्यकर्ता व वोटर कभी नाराज नहीं होता।
2026 में परीसिमन होना पहले से तय
मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि कांग्रेस के समय 1976 में प्रस्ताव पास किया गया था कि 2026 में परीसिमन होगा। 50 साल में जनसंख्या काफी बढ़ गई है। लोकसभा में 20 लाख से अधिक जनसंख्या हो गई है। इसलिए परीसिमन जरूरी है। एनडीए सरकार ने निर्णय लिया कि देश के अंदर अधिक लोगों को सेवा करने का मौका मिले।
कांग्रेस की सोच गलत, बिल का किया विरोध
मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि कांग्रेस की सोच गलत है, जिन्होंने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। कांग्रेस की नीयत में खोट है। जब बिल पास हुआ तो सहमति हुई थी कि 2029 का चुनाव होगा तो 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण मिलेगा। महिला आरक्षण बिल से कांग्रेस को परेशानी क्या थी, कांग्रेस की मंशा गलत है।
कांग्रेस झूठ बोलकर भाग जाती
मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि भाजपा अब बिल लेकर आई तो कांग्रेस ने कौन सा साथ दिया। कांग्रेस की आदत है झूठ बोलकर भाग जाना। कांग्रेस झूठ बोलकर आरोप लगाती हैं। बिल रोकने का काम समाजवादी, टीएमसी, कांग्रेस व अन्य दलों ने किया, जो गलत है।
कांग्रेस पर कसा तंज, नाच ना जाने आंगन टेढ़ा
मोहन लाल बड़ोली ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि नाच ना जाने आंगन टेढ़ा। कांग्रेस जिस प्रकार की राजनीति करना चाहती है, वह नहीं पता। महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद राहुल गांधी बोल रहे हैं कि हम तो बिल के लिए तैयार है। लोगों के अंदर झूठ फैला रहे है।
परीसिमन व सीट बढ़ने से नहीं रोक सकते
मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि परीसिमन होना तय है और सीट बढ़ेंगी, उसे कोई रोक नहीं सकता। 2029 के चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत का आरक्षण मिलेगा। विपक्ष ने अपनी जिम्मेदारी निभाने का काम नहीं किया। सभी दलों में महिलाएं राजनीति करती है और कांग्रेस ने आधी आबादी के हक रोकने का काम किया है।
