कैथल के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों पर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने बढ़ते दामों को भाजपा सरकार का ‘साइकिल ऑफ लूट करार दिया है और ये भी कहा है कि यह लूट बदस्तूर जारी है। इस संबंध में उन्होंने अपने अकाउंट से ट्विटर पर पोस्ट भी की है।

11 साल में जनता से की लूट

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाते हुए कहा कि 11 साल में मोदी सरकार ने देश की जनता से पेट्रोल-डीजल से 43 लाख करोड़ यानी हर रोज एक हजार करोड़ लूटे हैं। 26 मई 2014 को पेट्रोल की कीमत 71.41 रुपए प्रति लीटर थी और आज पेट्रोल की कीमत 97.70 रुपए प्रति लीटर है।

2014 के आंकड़े किए प्रस्तुत

वर्ष 2014 के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से 26 मई 2014 को डीजल की कीमत 56.71 रुपए प्रति लीटर थी और आज डीजल की कीमत 90.67 रुपए प्रति लीटर है। 2014 में क्रूड आयल की कीमत औसतन 100-108 डॉलर प्रति बैरल थी और अगर वेस्ट एशिया युद्ध का समय छोड़ दिया जाए तो मोदी सरकार में क्रूड आयल के दाम औसतन 70 डॉलर प्रति बैरल रहे हैं।

सीएनजी के दाम भी बढ़ाए

सुरजेवाला ने कहा कि 70 डॉलर प्रति बैरल के हिसाब से पेट्रोल की कीमत 61.60 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 56.99 रुपए लीटर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज सीएनजी की कीमत में भी दो रुपए का इजाफा कर दाम 79.9 कर दिया गया है।