- दिशा की मीटिंग में सरकार की योजनाओं का लेगी फीडबैक, विकास कार्यों पर होगी चर्चा
सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा 21 मई को फतेहाबाद में जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की मीटिंग लेगी। यह मीटिंग लघु सचिवालय के पास स्थित डीपीआरसी हॉल में सुबह 10 बजे होगी। मीटिंग में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट खर्च और लाभार्थियों तक पहुंच को लेकर रिपोर्ट ली जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बैठक में पिछली दिशा मीटिंग में उठाए गए मुद्दों और दिए गए निर्देशों पर भी फीडबैक लिया जाएगा। जिन विभागों में कार्य लंबित हैं या योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी हुई है, वहां अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है। सांसद विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा करेंगी।
बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस रहेगा।
कार्यकर्ताओं से करेगी मुलाकात
दिशा मीटिंग से पहले सांसद कुमारी सैलजा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेगी। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, क्षेत्रीय मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सांसद के दौरे को लेकर उत्साह बना हुआ है।
