• एसेप प्रदेशाध्यक्ष बोले-सवाल पूछना हर नागरिक का अधिकार, संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा

रोहतक में आम आदमी पार्टी की छात्र विंग एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स के प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ ने कॉकरोच जनता पार्टी के 6 जून को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन को समर्थन दिया। दीपक धनखड़ ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना हर नागरिक का अधिकार है।

दीपक धनखड़ ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ने कहा था कि शिक्षित बनो, संगठित बनो और संघर्ष करो। आज युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की जरूरत है। नीट पेपर लीक मामले में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।

युवाओं को अंधभक्त बना रहे देशद्रोही
दीपक धनखड़ ने कहा कि जब युवा जागता है तो देश का इतिहास बदलता है और युवा जागकर भी चुप रहता है तो भविष्य बनता है। लेकिन कुछ अंधभक्त युवाओं को देशद्रोही बनाने में लगे हुए है। उनकी नजर में सरकार से सवाल पूछने वाला हर युवा देशद्रोही है। सत्ता भले ही किसी की हो, सवाल पूछना हमेशा प्रगति का मार्ग होता है।

आंदोलन को खराब करने का शरारती तत्व करेंगे प्रयास
दीपक ने आशंका जताई कि दिल्ली में होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को खराब करने के लिए कुछ शरारती तत्व भी इसमें शामिल होंगे। लेकिन युवाओं को अपना आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चलाना है। शांतिपूर्ण संघर्ष से ही इतिहास बदल सकता है। क्योंकि परिवर्तन की राह आसान नहीं है।

शिक्षा व्यवस्था में होनी चाहिए पारदर्शिता
धनखड़ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता होना जरूरी है। साथ ही जवाबदेही तय और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आंदोलन के माध्यम से युवा देश के शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाएंगे, ताकि शिक्षा के व्यापार को बंद किया जा सके।