- व्यक्तिगत बातचीत होती है, भाषा की मर्यादा पर इनेलो को नसीहत
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर सफाई दी है। हुड्डा ने कहा कि उन्होंने कैप्टन अमरिंदर की कांग्रेस में वापसी को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। कैप्टन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और उनसे उनकी बातचीत होती रहती है, लेकिन राजनीतिक मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं होती।
हालांकि इससे पहले हुड्डा के कैप्टन हमारे संपर्क में हैं वाले बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि कहीं कांग्रेस नेतृत्व कैप्टन अमरिंदर की घर वापसी की संभावनाएं तो नहीं तलाश रहा।
कांग्रेस का संगठन मजबूत होगा
पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद को पार्टी नेतृत्व ने नई जिम्मेदारी दी है। उन्हें अब कर्नाटक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां दो साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटी हुई है।
हरियाणा में बढ़ रहा अपराध
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि संगठित अपराध बढ़ा है और विभिन्न रिपोर्टें इसकी पुष्टि करती हैं। हुड्डा के मुताबिक प्रदेश में औसतन प्रतिदिन तीन हत्या और चार दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।
सरकार को कोर्ट का फैसला मानना होगा
गेस्ट टीचर्स के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बनाई गई नीति सही थी, तभी उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने भी उसे स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि अब सरकार को अदालत के फैसले का सम्मान करते हुए उसे लागू करना चाहिए।
राजनीतिक भाषा की मर्यादा जरूरी, इनेलो को नसीहत
इनेलो नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा और पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। किसी को गाली देना या अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मर्यादा नहीं टूटनी चाहिए।
पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी
पंजाब की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए हुड्डा ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत वापसी करेगी और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कुमारी सैलजा के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि भाजपा जिस तरह से उनके नाम को लेकर राजनीति कर रही है, उसे इतिहास भी याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा से पहले ही सैलजा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था और पार्टी ने हमेशा उन्हें सम्मान दिया है।
लाड़ो लक्ष्मी योजना में अब शर्तें जोड़ रही सरकार
राज्य सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों के मुताबिक हर महिला को लाड़ो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलना चाहिए। लेकिन अब सरकार इसमें नई-नई शर्तें जोड़कर लोगों को लाभ से वंचित करने का प्रयास कर रही है।
खिलाड़ियों को नौकरी देने पर भी साधा निशाना
खिलाड़ियों को कोच पदों पर नियुक्ति देने के कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकार को खिलाड़ियों की याद अब 12 साल बाद आई है। उन्होंने दावा किया कि खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार देने की शुरुआत कांग्रेस सरकार के समय हुई थी।
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि पार्टी में किसी तरह का मतभेद नहीं है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि जितने मतभेद आज हरियाणा भाजपा के नेताओं के बीच दिखाई दे रहे हैं, उतने शायद किसी और दल में नहीं हैं। भाजपा के अंदरूनी विरोधाभास अब सार्वजनिक रूप से सामने आ रहे हैं।
