- 23 विपक्षी दल शामिल होंगे, ममता-अखिलेश दिल्ली पहुंचे
इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले दिल्ली की अकबर रोड पर कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें राहुल गांधी की तस्वीर और कांग्रेस के खिलाफ बयान हैं।
NCP-SCP चीफ शरद पवार की तस्वीर वाले पोस्टर पर लिखा है- राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी (स्थितरता) की कमी है। पोस्टर किसने लगाए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
I.N.D.I.A ब्लॉक की आज दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्टिट्यूशन क्लब में बैठक है। कांग्रेस का दावा है कि इसमें 23 विपक्षी दल शामिल होंगे। उन्होंने एक्स पोस्ट में ‘इंडिया’ को ‘इंडिया जनबंधन’ लिखा।
बैठक में शामिल होने के लिए एनसी नेता उमर अब्दुला, सपा नेता अखिलेश यादव दिल्ली पहुंच गए हैं। ममता बनर्जी, उनके भतीजे एक दिन पहले ही राजधानी पहुंच गए थे।
भाजपा नेता बोले- I.N.D.I.A ब्लॉक नाम अस्तित्व में नहीं
दिल्ली में I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक को लेकर भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने कहा- I.N.D.I.A ब्लॉक नाम की कोई प्रभावी राजनीतिक इकाई अब अस्तित्व में नहीं है। लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद ही यह गठबंधन प्रभावी रूप से समाप्त हो गया था। इसका कोई नेता नहीं है, कोई नीति नहीं है, कोई नेतृत्व नहीं है, कोई कार्यालय नहीं है और यहां तक कि इसका कोई लेटरहेड भी नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के पास देश के लिए कोई स्पष्ट दृष्टि नहीं है और कई बार वे एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव भी लड़ते हैं, जिससे उनकी एकजुटता पर सवाल खड़े होते हैं। ममता बनर्जी की पार्टी TMC लगातार कमजोर हो रही है।
संजय राउत बोले- राहुल गांधी से केंद्र सरकार डरी हुई है
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा- राहुल गांधी पर सवाल उठाने वाले लोग मूर्ख हैं। वह देश के सबसे महत्वपूर्ण, लोकप्रिय और जोशीले नेताओं में से एक हैं। सरकार उनसे डरी हुई है। हमारी पार्टी I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक में वर्चुअली जुड़ेगी। हमारा केवल एक ही एजेंडा है कि देश के साथ विश्वासघात करने वाले लोगों को सत्ता से हटाना।
राहुल, अखिलेश, ममता शामिल होंगे, AAP और DMK बाहर
बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, RJD के तेजस्वी यादव, शिवसेना (UBT) के उद्धव ठाकरे समेत वामपंथी दलों और अन्य छोटे दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
AAP और DMK बैठक में शामिल नहीं हो रही हैं। CPI (M) ने अपना विरोध दर्ज कराया है, लेकिन बैठक में शामिल होगी। JMM पर सस्पेंस है।
पहली मीटिंग 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इसे नीतीश कुमार ने बुलाया था। आखिरी मीटिंग 1 जून 2024 को दिल्ली में हुई थी।
इसके बाद 7 अगस्त 2025 को राहुल गांधी ने अपने नई दिल्ली स्थित आवास पर INDIA नेताओं के लिए रणनीतिक रात्रिभोज बुलाया था। इसमें 25 से अधिक विपक्षी दलों के करीब 50 नेता शामिल हुए थे।
बैठक में बिहार की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) समेत कथित चुनावी गड़बड़ियों के मुद्दे उठाए गए थे।
मीटिंग का एजेंडा तय नहीं, विपक्षी दल बोले- हम अपने मुद्दे उठाएंगे
बैठक में सभी दल अपने-अपने मुद्दे उठा सकते हैं। राज्यों में होने वाले चुनाव और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर राष्ट्रीय मुद्दों पर भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ एकजुटता दिखाने पर सहमति बनाई जाएगी। इसके अलावा, गठबंधन के संयोजक के नाम पर चर्चा हो सकती है।
बंगाल: TMC बंगाल में चुनाव बाद उसके नेताओं पर कथित हमलों का मुद्दा उठाकर INDIA दलों का समर्थन मांग सकती है।
यूपी: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस-SP के गठबंधन की वजह से भाजपा को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। ऐसे में कांग्रेस और सपा इस मोमेंटम को बनाए रखना चाहेगी।
बिहार: NDA सरकार ने लालू परिवार की सुरक्षा कम कर दी है। लालू-राबड़ी,तेजस्वी एजेंसियों (ED और CBI) के रडार पर हैं। ऐसे में बिहार में गठबंधन फिर से खड़ा होने के लिए एकजुट होने की कवायद कर सकता है।
केरल: राज्य में दोनों पार्टियां अलग-अलग हैं, लेकिन केंद्र में साथ हैं। CPI महासचिव डी. राजा ने कहा ,’हर दल के अपने मुद्दे हैं। वाम दलों के भी कुछ मुद्दे हैं, जिन्हें हम उठाना चाहते हैं। अन्य दलों की भी अपनी चिंताएं हो सकती हैं।
