फरीदाबाद में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेक्टर-7 स्थित जनकल्याण मंदिर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए चलाई गई योजनाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी विकास योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

12 साल में विकास का काम हुए

विपुल गोयल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और तकनीकी क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से डिजिटल और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ा है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की है।