- पूर्व मुख्यमंत्री ने विधायक के पोते को दिया आशीर्वाद
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज गुरुवार को कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद पहुंचे। उन्होंने चंडीगढ़ से दिल्ली जाते हुए विधायक रामकरण काला के निवास पर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शिरकत की और उनके पोते को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के बाद हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है। अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता को केवल दावे और घोषणाएं सुनने को मिल रही हैं ।
बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हरियाणा आज भी बेरोजगारी के मामले में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश का युवा नौकरी के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार के पास इसका कोई ठोस समाधान नहीं है।
किसानों को MSP नहीं मिलने का आरोप
हुड्डा ने किसानों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार दावा करती है कि 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। बोले कि मैं कई बार सरकार से पूछ चुका हूं कि जिन 24 फसलों पर MSP देने का दावा किया जा रहा है, उनके नाम सार्वजनिक कर दिए जाएं। आज तक सरकार जवाब नहीं दे पाई।
बोले- सिर्फ प्रचार में लगी सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर काम करने की बजाय प्रचार-प्रसार में ज्यादा व्यस्त है। जनता के सामने बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति अलग दिखाई देती है। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
