जींद जिले के उचाना में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से स्थापित लाइब्रेरी का नाम बदलकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किए जाने के प्रयासों पर कड़ा रोष व्यक्त किया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि सरकार पहले से डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बनी लाइब्रेरी का नाम बदलने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने 12 वर्षों के कार्यकाल की वाहवाही लूटने में लगी हुई है और यह उसका “खोखला जश्न” है।
चार कुर्सियां रखने से नाम बदलना ठीक नहीं
उन्होंने कहा कि किसी स्थान पर चार कुर्सियां और चार मेज रख देने से उसका नाम बदलना उचित नहीं है। यदि भाजपा वास्तव में अटल बिहारी वाजपेयी का सम्मान करना चाहती है, तो उनके नाम पर कोई बड़ा और नया कार्य करके दिखाए। सांसद सैलजा ने पेपर लीक की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश में ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
हरियाणा बनता जा रहा अपराध का अड्डा
उन्होंने हांसी में हुई हालिया घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराधियों ने खुलेआम वारदात को अंजाम दिया, जिससे उनमें कानून का कोई भय दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा आज अपराध का अड्डा बनता जा रहा है और प्रदेश का माहौल लगातार बिगड़ रहा है। कुमारी सैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की, कि वे चुनावों में प्रत्येक पात्र मतदाता का वोट सुनिश्चित करें।
एक भी सही वोट कटना नहीं चाहिए
उन्होंने जोर दिया कि एक भी सही व्यक्ति का वोट नहीं कटना चाहिए और इस संबंध में पहले से पूरी सावधानी बरतनी होगी। भाजपा के 12 साल पूरे होने पर मनाए जा रहे जश्न पर निशाना साधते हुए सैलजा ने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है और लोकतांत्रिक मूल्यों का लगातार हनन हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न राज्यों में नामांकन रद्द होने जैसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं।
