हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शनिवार को पानीपत के स्थानीय लोक निर्माण विभाग (PWD) विश्राम गृह में एक विशेष संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साढ़े 11 वर्षों के कार्यकाल को रेखांकित करते हुए उन्होंने इसे विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचने पर पानीपत के उपायुक्त (DC) डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शिक्षा मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाकर अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारा है।
अन्नदाताओं को सीधे भेजी हजारों करोड़ की राशि
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए महिपाल ढांडा ने कहा कि जिन योजनाओं की कल्पना तक पिछली सरकारें नहीं कर सकीं, उन्हें मोदी और सैनी सरकार ने सच करके दिखाया है। किसानों के आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना हरियाणा के 16 लाख से अधिक किसानों के खातों में ₹7,562.47 करोड़ की राशि सीधे DBT के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना: इस योजना के तहत प्रदेश के 35 लाख 31 हजार किसानों को जोड़ा गया और क्लेम के रूप में ₹9,888.43 करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंचाई गई है।
विपक्ष और वाड्रा लैंड डील पर घेरा
मुख्यमंत्री के दौरों पर विपक्ष को मिर्ची क्यों?
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों पर विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचना का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी राज्यों में स्टार प्रचारकों और दलों का जाना एक सामान्य प्रक्रिया है। मुख्यमंत्री की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और भाजपा अपने संगठन को मजबूत कर रही है, इससे विपक्ष को पेट दर्द नहीं होना चाहिए।
48 घंटे में अपराधी सलाखों के पीछे
राज्य की कानून व्यवस्था का पुरजोर बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में अपराध करने वाले को बख्शा नहीं जा रहा है। वारदात के 48 घंटे के भीतर अपराधी सलाखों के पीछे होता है। अपराधी चाहे देश के किसी कोने में हो या विदेश भाग जाए, हरियाणा पुलिस उसे घसीटकर कानून के कठघरे में ला रही है।
रॉबर्ट वाड्रा लैंड डील पर बयान
वाड्रा लैंड डील मामले पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि यह पूरा मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, जो लोग पहले इन सारे आरोपों को राजनीति से प्रेरित और गलत बताते थे, आज न्यायिक प्रक्रिया की कड़ाई के चलते उन सभी की बोलती पूरी तरह बंद हो गई है। कानून पूरी पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रहा है और दोषियों को सजा मिलकर रहेगी।
