- झूठे आंकड़ों से गुमराह कर रही सरकार
कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने जींद जिले के उचाना में स्थित राजीव गांधी कॉलेज में कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि भाजपा के 12 वर्षों के शासनकाल में देश अंदर से कमजोर हुआ है, और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए देश को आजादी की दूसरी लड़ाई लड़नी पड़ सकती है।
पत्रकार वार्ता में बृजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि हाल के घटनाक्रमों में भारतीयों से जुड़े समुद्री जहाजों को निशाना बनाए जाने के बावजूद केंद्र सरकार खुलकर अमेरिका की आलोचना नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने और झूठे आंकड़ों के सहारे देश को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
बृजेंद्र ने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है, निवेश घट रहा है। उनका कहना था कि रोजगार और कृषि जैसे क्षेत्रों में जमीनी स्थिति सरकार के दावों से अलग है।
कार्यकर्ताओं को चौकस रहने का प्रशिक्षण दे चुकी कांग्रेस’
एसआईआर को लेकर बृजेंद्र सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को चौकस रहने का प्रशिक्षण दे चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है और आने वाले समय में लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए व्यापक संघर्ष की आवश्यकता पड़ सकती है। उन्होंने निष्पक्ष चुनावों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लगातार पंजाब दौरों पर टिप्पणी करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि केवल पगड़ी पहन लेने से पंजाब में वोट नहीं मिलेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि वह वहां जाकर कौन सी उपलब्धियां गिनवा रहे हैं, ताकि कांग्रेस उनका जवाब दे सके।
‘जनप्रतिनिधि के तौर पर दिग्विजय को चुनाव जीतकर दिखाना चाहिए’
जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला के जींद को प्रशासनिक राजधानी बनाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने से पहले जनप्रतिनिधि के तौर पर चुनाव जीतकर दिखाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जींद की जनता को भ्रमित करने की राजनीति नहीं चलने वाली।
भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी पर की जा रही टिप्पणियों का जवाब देते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा का संतुलन बिगाड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के आह्वान पर विपक्ष एकजुट हो रहा है और आज देश में यदि कोई वास्तविक जननेता है तो वह राहुल गांधी हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विपक्ष को एक मंच पर आना होगा।
