- बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर
सोनीपत में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन के अवसर पर बरोदा के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय में केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
विधायक ने राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राजनीतिक सफलता की कामना करते हुए उन्हें देश की जनता की बुलंद आवाज बताया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार पर कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी को बताया जनता की आवाज
राहुल गांधी के जन्मदिन समारोह के दौरान विधायक इंदुराज नरवाल ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज बनकर लगातार जनता के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं तथा देश के करोड़ों लोगों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।
12 साल बेमिसाल नहीं, बदहाल रहे
मीडिया से बातचीत में विधायक इंदुराज नरवाल ने भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे जश्न पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार यह दावा कर रही है कि उसके 12 साल बेमिसाल रहे हैं, लेकिन जनता यह जानना चाहती है कि आखिर किस उपलब्धि का जश्न मनाया जा रहा है। नरवाल ने कहा कि वास्तविकता यह है कि इन वर्षों में आम जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध, लूटपाट और डकैती की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बताया बड़ी चुनौती
इंदुराज नरवाल ने कहा कि हरियाणा बेरोजगारी के मामले में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं, जिससे युवा वर्ग निराश है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार भी चरम पर पहुंच चुका है और आम लोगों को अपने काम करवाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
विधायक ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है, जिससे गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर धकेला जा रहा है।
पेपर लीक मामलों पर भी साधा निशाना
भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर भी विधायक ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने नीट परीक्षा विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ और युवाओं के साथ अन्याय हुआ है।
