- विपक्ष पर साधा निशाना, बोलीं-परिवारवाद के सहारे चल रही कांग्रेस
भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को बहादुरगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न कोई नेता है, न नियत और न ही कोई विचारधारा। पार्टी केवल परिवारवाद के आधार पर खड़ी है और उसके नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। डॉ. गुप्ता के संबोधन के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। जिसके बाद कार्यर्ताओं ने मोबाइलों की टॉर्च जलाई।
बहादुरगढ़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत किया। वह ट्रैक्टर चलाकर एचएल सिटी स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचीं, जहां बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की बैठक और स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया।
संबोधन के दौरान बिजली हुई गुल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के संबोधन के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई और पूरा हॉल अंधेरे में डूब गया। कुछ पल के लिए माहौल थम सा गया, लेकिन तभी भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने मंच से कहा, “मोबाइल की टॉर्च जलाकर स्वागत कर दो।” इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपने मोबाइल की टॉर्च ऑन कर दी और “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा हॉल गूंज उठा। कुछ देर बाद बिजली भी वापस आ गई।
फेक नैरेटिव फैलाने में जुटी है कांग्रेस
पत्रकारों से बातचीत में अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस लगातार फेक नैरेटिव फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की आलोचना करते-करते कांग्रेस देश की छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस से किसी प्रकार की राजनीतिक चुनौती नहीं है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर भाजपा का फोकस
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पूरी तरह लागू करवाना भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
चारों सीटों पर जीत का लक्ष्य
अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के मद्देनजर वोटर लिस्ट के एसएआर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झज्जर जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर रणनीति बनाकर काम किया जाएगा।
संगठन की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाऊंगी
डॉ. गुप्ता ने कहा कि वह संगठन की एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता हैं और पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि संगठन में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
