• अब बनाया जा रहा मोहरा

झज्जर से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल का इस्तेमाल भाजपा ने चुनावी हित साधने के लिए किया और अब उन्हें मोहरा बनाया जा रहा है। बैंक घोटाले में हुई गिरफ्तारी को राजनीतिक घटनाक्रम बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपने स्वार्थ के अनुसार अधिकारियों का उपयोग करती है।

नीट पेपर लीक और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं पर भुक्कल ने कहा कि देश का युवा लगातार ठगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘छात्र गूंज’ अभियान के जरिए विद्यार्थियों के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका आरोप था कि शिक्षा व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है, लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे रहे।

कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा पर निशाना

कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए भुक्कल ने कहा कि भय और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का दावा करने वाली भाजपा सरकार में चुने हुए जनप्रतिनिधियों तक को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप

पूर्व मंत्री ने भाजपा पर संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भाजपा सत्ता में आती है, वहां विपक्ष को कमजोर करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जाता है। पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर लगातार चोट की जा रही है।

भाजपा लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ

राज्यसभा सांसदों के दल बदल के मुद्दे पर भी भुक्कल ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि अन्य दलों के निर्वाचित सांसदों को तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल कराना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र बचाने का दावा करती है, जबकि हकीकत में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।

कॉकरोज पार्टी के भविष्य से जुड़े सवाल पर भुक्कल ने कहा कि युवाओं के हितों से खिलवाड़ होने के बाद कुछ लोग सक्रिय हुए हैं, लेकिन प्रदेश की जनता अब भाजपा की नीतियों और कार्यशैली को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता जनहित के मुद्दों पर अपना फैसला सुनाएगी।