• नौकरी से हटाई कर्मियों ने हाथ जोड़कर लगाई गुहार

केंद्रीय मंत्री एवं करनाल से सांसद मनोहर लाल रविवार को बसताड़ा टोल प्लाजा पर उस समय अचानक रुक गए, जब वहां स्थानीय लोग नई टोल व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा हरियाणा में कोई गरीब नहीं है, मैं भी हरियाणा से हूं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थानीय वाहन ड्राइवरों के लिए 350 रुपए मासिक पास की जगह करीब 2 हजार रुपए का सालाना पास लाने पर काम चल रहा है, जिसमें अनलिमिटेड ट्रिप की सुविधा होगी। इसी दौरान एमएलएफएफ सिस्टम लागू होने के बाद नौकरी गंवा चुकी टोल कर्मी युवतियों ने भी मंत्री के सामने हाथ जोड़कर रोजगार की गुहार लगाई।

अचानक टोल पर रुके, प्रदर्शनकारियों की बात सुनी

रविवार को जब केंद्रीय मंत्री का काफिला करनाल से दिल्ली की तरफ जा रहा था तो उन्होंने टोल पर बैठे प्रदर्शनकारियों को देखकर अपना काफिला रूकवाकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। यहां युवा बोलेगा मंच, यूथ कांग्रेस और किसान यूनियन के कार्यकर्ता स्थानीय पास व्यवस्था और नई टोल प्रणाली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगें मंत्री के सामने रखीं।

बोले- 2 हजार का पास होगा, चाहे जितनी बार आओ-जाओ

मनोहर लाल ने कहा कि सरकार स्थानीय वाहन ड्राइवरों की परेशानी को समझ रही है। नई योजना के तहत करीब 2 हजार रुपए का सालाना पास बनाने पर विचार चल रहा है। यह पास बनने के बाद स्थानीय लोग पूरे साल बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के चाहे 1000 बार भी टोल पार करें, उन्हें अलग से भुगतान नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में काम कर रही है।

MLFF सिस्टम से बढ़ी स्थानीय लोगों की परेशानी

टोल प्लाजा पर एमएलएफएफ (MLFF) सिस्टम लागू होने के बाद पहले जैसी स्थानीय छूट खत्म हो गई है। पहले 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग पहचान पत्र दिखाकर टोल पार कर लेते थे, लेकिन अब सभी वाहनों के लिए फास्टैग अनिवार्य होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर पिछले कई दिनों से टोल पर विरोध प्रदर्शन चल रहा है।

हटाई गई टोल कर्मियों ने लगाई गुहार

प्रदर्शन के दौरान टोल पर पहले कार्यरत युवतियों ने भी केंद्रीय मंत्री को अपनी समस्या बताई। उन्होंने कहा कि नई ऑटोमेटिक प्रणाली लागू होने के बाद उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है और अब उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। इस पर मनोहर लाल ने कहा कि सरकार इस विषय पर भी विचार करेगी और संबंधित विभाग से बात कर रोजगार के विकल्प तलाशे जाएंगे।

टोल मैनेजर ने नई योजना की जानकारी दी

टोल मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय लोगों को नई पास व्यवस्था के बारे में आश्वस्त किया है। सालाना पास योजना लागू होने के बाद स्थानीय वाहन ड्राइवरों को बड़ी राहत मिलेगी और बार-बार टोल शुल्क देने की समस्या समाप्त हो जाएगी।