- PM को भेजेंगे 10 लाख पोस्टकार्ड
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी के नारनौल आगमन पर संगठन सृजन अभियान के तहत वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डॉ. राजवती यादव के नेतृत्व में शहर के एक होटल में बैठक एवं पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडों, नारेबाजी और फूलमालाओं के साथ उनका स्वागत किया।
बैठक में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, संगठन को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा नारी वंदन अधिनियम को जल्द लागू करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
केंद्र सरकार कर रही विश्वासघात
पत्रकारों से बातचीत में पर्ल चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद में नारी वंदन अधिनियम पारित कर महिलाओं से बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ विश्वासघात बताते हुए कहा कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं के अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे पोस्टकार्ड
उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम देशभर से 10 लाख पोस्टकार्ड भेजे जाएंगे। इन पोस्टकार्डों के माध्यम से महिला आरक्षण में ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई जाएगी। साथ ही महिला आरक्षण के समर्थन में देशव्यापी मिस्ड कॉल अभियान भी चलाया जाएगा।
बूथ स्तर पर कर रहे मजबूत
पर्ल चौधरी ने कहा कि महिला कांग्रेस हरियाणा में संगठन को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर महिलाओं के अधिकारों और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने मेवात की सामूहिक दुष्कर्म की घटना और कुरुक्षेत्र के अस्पताल में बच्ची के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करेगी।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जिला अध्यक्ष सत्यवीर यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को न्याय, सम्मान और समान अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डॉ. राजवती यादव ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रजनी, बिमला, रेखा शर्मा, कमला, मायावती, कल्पना, छन्नी, संतोष, प्रेम, गीता, मोनिका, सुनीता, बाला देवी, सुनीता मवता, एडवोकेट सुनीता, केला देवी, आशा सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
