- बोले- हिम्मत सिंह नहीं दीमक सिंह, लीपापोती छोड़ जवाब दे
रोहतक में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह को आड़े हाथों लेते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली और कहा कि हिम्मत सिंह नहीं दीमक सिंह है, जो आयोग को खोखला करने में लगा हुआ है। सीएम नायब सैनी को सर्वे करवाना चाहिए कि हिम्मत सिंह से कितने युवा परेशान है।
नवीन जयहिंद ने कहा कि पिछले दिनों हरियाणा पुलिस की भर्ती के दौरान दौड़ लगाते हुए एक युवक गिर गया, जिसकी मृत्यु हो गई। उस पर चेयरमैन हिम्मत सिंह का बयान आया कि आयोग की तरफ से पुरी व्यवस्था की गई थी। युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी है। परिवार चाहे तो कार्यालय में आकर देख सकता है।
नवीन जयहिंद ने कहा कि हिम्मत सिंह की संवेदनाएं मर चुकी है। जिस युवक की मौत हुई है, वह कैसे फुटेज देखने आएगा। क्या हिम्मत सिंह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं है कि वह अन्य चीजों की तरफ वीडियो को भी सोशल मीडिया पर डाल दे। क्यों फुटेज को छुपाया जा रहा है। अपनी गलती मानने की बजाय हादसे पर लीपापोती की जा रही है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
नवीन जयहिंद ने कहा कि मरने वाले युवक के परिजनों व ग्रामीणों ने भर्ती में लापरवाही का आरोप लगाया है। क्योंकि जब युवक गिरा तो काफी देर तक उसके पास कोई नहीं गया। एम्बुलेंस को बाद में बुलाया गया, जिसके कारण युवक ने दम तोड़ दिया। अगर व्यवस्था होती तो तुरंत एम्बुलेंस में युवक को लेकर जाते, शायद उसकी जान बच जाती।
हिम्मत सिंह की मिल रही शिकायतें
नवीन जयहिंद ने कहा कि HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह की काफी शिकायत मिल रही है। वह अपने कार्यालय में महिला, पुरुष, बुजुर्ग व एक्स कर्मचारी के साथ भी अभद्र व्यवहार करता है। युवाओं को फार्म भरने के 15 दिन दिए जाते है, क्या 15 दिन में वह भर्ती करवा सकता है। क्या 15 दिन में कोई टेस्ट करवा सकता है।
सीएम को मामले में लेना चाहिए संज्ञान
नवीन जयहिंद ने कहा कि इस मामले में सीएम नायब सैनी को संज्ञान लेना चाहिए। साथ ही सर्वे करवाना चाहिए कि हिम्मत सिंह को कितने लोग पसंद करते है और कितने लोग इसकी कार्यशैली से परेशान है। हिम्मत सिंह क्यों HSSC की बजाय अपने पर्सनल सोशल मीडिया हेंडल पर पोस्ट डालता है, यह भी उससे पूछना चाहिए।
