- UGC-NET पेपर लीक विवाद, राहुल गांधी की पोस्ट के बाद CID की जांच तेज
रोहतक के छात्र नेता दीपक धनखड़ की तरफ से UGC-NET का पेपर लीक होने का दावा किया जा रहा है, जिसको लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पोस्ट भी शेयर है। राहुल गांधी द्वारा पोस्ट शेयर करने के बाद पुलिस प्रशासन मामले में एक्टिव नजर आ रहा है और एमडीयू के कई छात्र संगठनों से मामले में पूछताछ भी की है।
आम आदमी पार्टी की छात्र विंग एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स के प्रदेशाध्यक्ष दीपक धनखड़ ने 6 जुलाई को एक पीडीएफ जारी करते हुए दावा किया कि 30 जून को UGC-NET का जो पेपर हुआ है, वह पहले ही लीक हो गया था। एक विषय का पेपर उनके पास आया था, जिसे जारी किया गया। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि UGC-NET परीक्षा से ठीक पहले 100 पेज की एक PDF सर्कुलेट की गई। यह PDF प्रश्न-पत्र तैयार करने से जुड़ी है, जो सिर्फ NTA के पास उपलब्ध होती है। PDF में मौजूद लगभग 90 सवाल असल सोशियोलॉजी (समाजशास्त्र) प्रश्न-पत्र के सवालों से मेल खाते हैं। इसका सौदा 2.25 लाख रुपए में हुआ।
राहुल गांधी की पोस्ट के बाद एक्टिव हुई पुलिस
राहुल गांधी द्वारा पोस्ट डालने के बाद पुलिस भी एक्टिव नजर आ रही है। सीआईडी ने एमडीयू में जाकर कुछ छात्र संगठनों से मामले में पूछताछ की। साथ ही दीपक धनखड़ के बारे में भी पूछा जा रहा है। दीपक धनखड़ ने अपनी ऑडियो में कहा कि पुलिस उनके घर जा चुकी है और उसके भाई को कस्टडी में भी रखा गया है।
दीपक के बारे में पूछा
शहीद भगत सिंह छात्र संगठन के अध्यक्ष प्रदीप मोटा ने बताया कि छात्र नेता दीपक धनखड़ को सीआईडी खोज रही है। इसके बारे में कई अलग-अलग छात्र संगठनों के नेताओं से पूछताछ की गई है। सीआईडी ने उनसे भी पूछा था। लेकिन उसे नहीं पता कि दीपक धनखड़ इस समय कहां है। कई दिन से वह दिखाई नहीं दे रहा।
छात्र नेता को बिना कारण न करें परेशान
इनसो के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक ने बताया कि मामले में मुझे अधिक जानकारी नहीं है। रोहतक एसपी से अनुरोध है कि दीपक धनखड़ को क्यों खोजा जा रहा है, यह स्थिति को स्पष्ट करें। बिना कारण किसी छात्र नेता को परेशान न करें।
दीपक धनखड़ अंडरग्राउंड, तलाश में जुटी पुलिस
सूत्रों के अनुसार दीपक धनखड़ एक जुलाई से ही अंडरग्राउंड है, जिसकी तलाश में पुलिस भी लगी हुई है। वहीं, दीपक धनखड़ ने अपनी जान का खतरा भी बताया है। साथ ही UGC-NET के पेपर को लेकर फोरेंसिक जांच करवाने की मांग भी उठाई है। दी
मामले में बचने का प्रयास कर रही पुलिस
UGC-NET पेपर लीक के दीपक धनखड़ द्वारा किए गए दावे को लेकर पुलिस कुछ भी बताने से बच रही है। मामले में SP गौरव राजपुरोहित ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है।
