- नारी शक्ति वंदन अधिनियम जल्द लागू करने की मांग, 21 जुलाई को जाएंगी दिल्ली
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में आज महिला कांग्रेस की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। वहीं महिलाओं को आरक्षण दिलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया गया। इससे पहले बैठक कर जिला प्रधान डा. राजवती ने आगामी 21 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले ‘चलो संसद’ अभियान के बारे में बताया।
बैठक के दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान, मिस्ड कॉल अभियान और हस्ताक्षर अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने संसद से पारित महिला आरक्षण कानून को बिना किसी देरी के लागू करने की मांग की।
सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी
डॉ. राजवती यादव ने कहा कि देश की आधी आबादी को उसका संवैधानिक अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व अब और अधिक समय तक नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा कि संसद से पारित महिला आरक्षण कानून को लागू करना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
पूरे देश में चल रहा अभियान
यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है तो नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व और हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी के मार्गदर्शन में पूरे देश और प्रदेश में महिलाओं को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।
21 जुलाई को जाएंगे दिल्ली
इसी कड़ी में 21 जुलाई को जंतर-मंतर पर आयोजित ‘चलो संसद’ कार्यक्रम में हजारों महिलाएं अपनी लोकतांत्रिक आवाज बुलंद करेंगी। डॉ. राजवती ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले से भी बड़ी संख्या में महिलाएं दिल्ली पहुंचकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग करेंगी।
उन्होंने महिलाओं, युवतियों और जागरूक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता मोनिका, संतोष सहित अन्य महिला कार्यकर्ता और मातृशक्ति मौजूद रहीं।
