- कुरुक्षेत्र-पिहोवा से कचरा लाकर डाला जा रहा, हुड्डा को बताया बड़ा भाई
कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर जुबानी हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि कैथल कोई कूड़ादान नहीं है, जहां कुरुक्षेत्र और पिहोवा का कचरा लाकर खुराना रोड पर बने डंपिंग यार्ड में डाला जा रहा है। हरियाणा में भाजपा सरकार ने 40-40 साल का कचरे का ठेका दे दिया। इसकी कोई जरूरत नहीं थी। इसके बाद शाहबाद, पिहोवा, राजौंद और पूंडरी का कूड़ा भी कैथल लाया जा रहा है।
वहीं, सुरजेवाला ने हुड्डा द्वारा समर्थन के सवाल पर कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनके बड़े भाई हैं, उनका समर्थन और आशीर्वाद हमेशा मुझ पर बना रहेगा।
कूड़े को नष्ट करने वाले उपकरण लगाने की मांग
सुरजेवाला रविवार को जाट धर्मशाला के वार्षिक समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब दूसरे जिलों से कूड़ा लेकर आते हैं तो उसमें भी किराया लगता है। ये हेराफेरी का जरिया और भ्रष्टाचार का धंधा है। आखिर में गांव और शहरवासियों को परेशान किया जा रहा है। हर शहर का कूड़ा हर शहर में इकट्ठा होना चाहिए और लोगों को इसका काम देना चाहिए। साथ ही वहां पर कूड़े को नष्ट करने वाले उपकरण लगाए जाएं।
राम मंदिर के चढ़ावे की तरह खेती लूटना चाह रही सरकार
कृषि को लेकर बनाई जा रही नीतियों पर बोलते हुए सुरजेवाला ने कहा कि खेती पर सरकार ने आक्रमण किया है। सरकार किसानों और मजदूरों की रोजी रोटी को उसी प्रकार लूटना चाहती है, जैसे उन्होंने श्रीराम मंदिर के चढ़ावे को लूटा है। खेती भी मंदिर की तरह ही है। सरकार उसे लूटकर किसानों को बड़ी कंपनियों का गुलाम बनाना चाहती है।
उदाहरण देते हुए कहा सुरजेवाला ने कहा कि ढांड की अनाज मंडी पर तालाबंदी हो गई और अब किसान अडानी साइलोज का गुलाम बनकर रह गया।
लाइब्रेरी बनाने में सहयोग का आश्वासन
सुरजेवाला ने कहा कि जाट समाज के लोगों का कहना है कि वे धर्मशाला में बच्चों को पढ़ाने के लिए एक लाइब्रेरी बनवाना चाहते हैं। यह समाज का सराहनीय कार्य है। इस लाइब्रेरी में जिले का कोई भी बच्चा आकर पढ़ाई कर सकेगा। इसके लिए उन्होंने यथा संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
