• पेपर लीक और जंतर-मंतर विवाद का विरोध, DC कार्यालयों का होगा घेराव

छात्रों के मुद्दों और हालिया घटनाक्रम को लेकर हरियाणा कांग्रेस बुधवार को प्रदेशभर में जिला उपायुक्त (DC) कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेगी। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सभी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों को पत्र जारी कर 22 जुलाई को दोपहर में अपने-अपने जिलों में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित करने और महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के निर्देश दिए हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने पत्र में कहा कि देशभर के छात्र अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे थे, जहां उन पर लाठीचार्ज किया गया। वहीं पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे, तो उन्हें भी हिरासत में लिया गया।

‘लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।

कार्यकर्ताओं और छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश

पत्र में जिला अध्यक्षों से कहा गया है कि धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्रों और युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए, ताकि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।