- संगठन मजबूत करने पर मंथन, नेताओं और कार्यकर्ताओं से मांगी जमीनी रिपोर्ट
हरियाणा कांग्रेस के नव नियुक्त प्रभारी संजय दत्त बुधवार को कुरुक्षेत्र कांग्रेस भवन में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को लेकर अहम बैठक कर रहे हैं। दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम के दूसरे दिन जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और प्रमुख कार्यकर्ताओं इसमें शामिल होने पहुंच रहे हैं।
इसमें प्रभारी संजय दत्त संगठन को मजबूत करने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। प्रभारी कल मंगलवार शाम को कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। शाम करीब चार बजे से बैठक शुरू हुई और करीब डेढ़ घंटे तक चली। इसी दौरान दिल्ली से राहुल गांधी को हिरासत में लेने की खबर मिलते ही प्रभारी चंडीगढ़ की तरफ दौड़ पड़े।
राजभवन का किया घेराव
रात के समय कांग्रेस पार्टी की ओर से राजभवन का घेराव किया गया। कई नेताओं को पुलिस ने डिटेन भी किया। इसके बाद आज सुबह से संवाद कार्यक्रम फिर शुरू किया गया। चारों विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अलग-अलग समय पर बुलाया गया है।
संगठन मजबूत करने पर फोकस
मंगलवार को हुई डीसीसी बैठक में भी संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई थी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने नेताओं का स्वागत किया और जिला इकाई की ओर से कई सुझाव रखे। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और भविष्य की रणनीति पर मंथन किया गया।
कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने की कोशिश
कांग्रेस नेतृत्व इस संवाद कार्यक्रम के जरिए जिले के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सीधी राय जानना चाहता है। पार्टी की कोशिश है कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए। यही वजह है कि हर पदाधिकारी से अलग-अलग बातचीत कर जमीनी फीडबैक लिया जा रहा है।
