- सुरक्षाकर्मियों ने रोका, दोनों सदन 2 बजे तक स्थगित
संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को संसद भवन के बाहर NDA और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विपक्ष के सामने NDA के सांसद भी विरोध प्रदर्शन में उतर गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। NDA सांसद पीएम आवास के बाहर 21 जुलाई को राहुल के धरने का विरोध कर रहे हैं।
वहीं इंडिया ब्लॉक नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी NDA सांसदों के बिल्कुल करीब चली गईं। सुरक्षाकर्मियों ने बीच में आकर उन्हें रोका। संसद के भीतर भी हंगामा जारी रहा। इसके कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
रिजिजू बोले- NEET पेपर लीक पर सरकार किसी भी तरीके से चर्चा को तैयार
लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार को हंगामे के बीच दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में कहा- सरकार लोकसभा और राज्यसभा में NEET पेपर लीक पर विपक्ष जिस तरीके से, जिस तारीख को और जितनी देर चाहे, चर्चा के लिए तैयार है।
रिजिजू बोले- विपक्ष से हाथ जोड़कर अपील, चर्चा कब करनी है तय करें, 3 बड़ी बातें…
हमने कल भी अपील की थी और आज भी सदन से अपील कर रहे हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं से व्यक्तिगत तौर पर भी बात की है। उन्हें सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया है
हम हाथ जोड़कर विपक्ष से अनुरोध करते हैं कि वह तय करे कि चर्चा कब शुरू करनी है। सरकार तैयार है, लेकिन विपक्ष शर्तें रख रहा है। बहाने मत बनाइए, क्योंकि जब आप शर्तें और बहाने रखते हैं तो सभी समझ जाते हैं कि आप चर्चा से बचना चाहते हैं।
आज NDA के सांसदों ने भी प्रदर्शन किया और देशभर में नीट पेपर लीक पर तुरंत चर्चा की मांग की। किसी भी परीक्षा में जिस-जिस राज्य में पेपर लीक हुआ है, उन सभी पर चर्चा होना जरूरी है। इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।
