पानीपत जिल में इसराना के गांव बलाना स्थित पूर्व सैनिक भवन में कारगिल शहीदी दिवस की 27वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ‘मन की बात’ सुनने के कारण कुछ देर से पहुंचीं।

इस दौरान कुछ लोग कार्यक्रम स्थल से चले गए। अर्चना गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया और पौधारोपण किया। इससे पहले, मेजर विजेंद्र जागलान ने ध्वजारोहण किया था।

प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल की चोटियों पर दुश्मन देश के सैनिकों ने धोखे से कब्जा कर लिया था। उन्होंने बताया कि हमारे जवान नीचे थे और दुश्मन ऊपर, फिर भी 500 से अधिक जवानों ने शहादत देकर कारगिल की चोटी पर भारत का झंडा फहराया।

पहले सैनिकों का शव घर नहीं पहुंच पाता था

उन्होंने बताया कि पहले के शासनकाल में शहीद सैनिक का पार्थिव शरीर घर नहीं पहुंच पाता था। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने यह अहम फैसला लिया कि प्रत्येक शहीद का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया जाए, ताकि परिजनों को अपने शहीद बेटे, भाई या पति का अंतिम संस्कार करने का अवसर मिल सके।

मोदी ने सेना को फ्री हेंड दिया

गुप्ता ने आगे कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को ‘फ्री हैंड’ दिया और स्पष्ट किया कि हमारी सेना किसी से कम नहीं है। सेना किसी आदेश का इंतजार नहीं करेगी और आपात स्थिति में स्वयं निर्णय लेने में सक्षम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार देश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ अराजक तत्व देश के विकास में बाधा डालने की कोशिश करते हैं।