- कुरुक्षेत्र में कांग्रेस विधायक का सरकार पर निशाना
कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में हुई कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 2024 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता सरकार बदलना चाहती थी, लेकिन फर्जी वोट और ईवीएम के जरिए भाजपा चुनाव जीत गई।
मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लड़ाई भी लड़ेगी। वे पार्टी के अंदर अपनी बात रखेंगे। प्रदेश के 21 शहरों में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) में 20 परसेंट से ज्यादा वोटों का मिलान नहीं हुआ। अकेले थानेसर में 28 हजार से ज्यादा वोट की पहचान नहीं हो सकी कि वे किसके हैं और कहां से जुड़े हैं।
पार्टी में रखेंगे अपनी बात : अरोड़ा
उन्होंने आरोप लगाया कि, फर्जी वोट बनाकर चुनाव जीतने का काम किया गया है। कांग्रेस फर्जी वोट और EVM दोनों मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी। वे अपनी बात पार्टी में रखेंगे। मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। अगर भ्रष्टाचार की रैंकिंग हो तो हरियाणा सबसे ऊपर होगा। प्रदेश की जनता इस सरकार से छुटकारा चाहती है।
HPSC भर्ती पर भी उठाए सवाल
अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा में लगातार हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। HPSC में नौकरियां प्रदेश के युवाओं की बजाय बाहर के लोगों को दी जा रही हैं। आयोग के चेयरमैन भी बाहरी हैं। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में दो हजार से ज्यादा स्वीकृत पद हैं, जिनमें करीब एक हजार पद खाली हैं।
बंद होनी चाहिए HKRN की दुकान
अरोड़ा ने कहा कि सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) की दुकान खोल रखी है। इसमें कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। एक जैसी पढ़ाई करने के बावजूद पक्के कर्मचारी को ज्यादा सुविधा और वेतन मिलता है, जबकि HKRN कर्मचारी को बहुत कम सैलरी दी जाती है। उनको सामाजिक सुरक्षा और पेंशन की गारंटी तक नहीं है।
उन्होंने HKRN को भंग करने की मांग रखी। इसमें कार्यरत कर्मचारियों को ग्रेड दिया जाए और भविष्य में सभी भर्तियां पक्की होनी चाहिए। HKRN में काम करने वाले कर्मी हीन भावना का शिकार हो रहे हैं। आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम है। स्कूल बंद हो रहे हैं, स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं और अस्पतालों में डॉक्टरों व स्टाफ की कमी है।
संगठन को कर रहे मजबूत- मेवा सिंह
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने कहा कि पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। पहले ब्लॉक कार्यकारिणी, फिर मंडल और उसके बाद बूथ कमेटियों का गठन होगा। गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करेंगे। इसी के लिए सभी ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लोकतंत्र, प्रजातंत्र और छात्रों की जीत बताया।
