• पंजाब सरकार को बताया असंवेदनशील

झज्जर में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने संसद में राहुल गांधी के माइक बंद होने के दावे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उसी माइक से बोल रहे थे, जिसे बंद होने की बात कह रहे थे। मंत्री ने कहा कि इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की गई, लेकिन सच्चाई सामने आने के बाद मामला वहीं खत्म हो गया।

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी झज्जर जिले के गांव रईया स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र में आयोजित 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

हर नागरिक एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करें

मंत्री बेदी ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर नागरिक कम से कम एक पौधा लगाए और उसे पेड़ बनने तक उसकी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी ने करनाल से राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इसका झज्जर में सीधा प्रसारण किया गया। वन महोत्सव में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्रों और आम नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

डीसी ने प्रशासन के पर्यावरण संरक्षण कार्यों की जानकारी दी

कार्यक्रम के दौरान डीसी वर्षा खांगवाल ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान वन एवं शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने सम्मानित किया।

पंजाब सरकार पर भी साधा निशाना

इस दौरान मंत्री बेदी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए उसे मुद्दाविहीन और असंवेदनशील बताया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से जुड़े मामले में कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि जो व्यक्ति इस दुनिया में नहीं है, उस पर मुकदमा चलाना उचित नहीं था।

उन्होंने कहा कि संसद में छात्रों के हित में एक अच्छा कानून पारित हुआ है। सरकार शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता से काम कर रही है और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक राजेश जून, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, संजय कबलाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र और नागरिक मौजूद रहे।